मकान का लेंटर गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा, मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत..4 घायल
punjabkesari.in Saturday, Feb 22, 2025 - 12:44 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पर सरसावा थाना इलाके में लेंटर गिर जाने से मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती किया। वहीं, पुलिस को हादसे की सूचना दी गई।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, थाना सरसावा क्षेत्र के ढिक्का कला निवासी जलील अपने पुराने मकान का लेंटर ऊंचा करवा रहा था और शुक्रवार को निर्माणकार्य में कम से कम 12 मजदूर लगे थे। जब लेंटर को ऊपर उठाया जा रहा था तभी अचानक पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई और कम से कम छह मजदूर मलबे में दब गए।
मलबे में दबे थे छह लोग
मजदूरों के मलबे में दब जाने से चीख-पुकार मच गई। अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला और उन्हें तुरन्त प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। इनकी पहचान शहजाद (28) और राजेन्द्र (23) के तौर पर की गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।