12:30 बजे इलेक्ट्रिक डोनेटर से कनेक्ट होगा ट्विन टावर... 2:30 बजे बटन दबाते ही होगा भारी विस्फोट

punjabkesari.in Sunday, Aug 28, 2022 - 11:26 AM (IST)

नोएडाः उत्तर प्रदेश के नोएडा में कई सालों से स्थित सुपरटेक ट्विन टावर आज रविवार के दिन करीब 2ः30 बजे ध्वस्त हो जाएगा। इसके लिए ट्विन टावर को इलेक्ट्रिक डोनेटर से कनेक्ट किया जाएगा। यह काम दोपहर 12:30 बजे तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद एक ही बटन दबा कर ट्विन टावर के ढहाए जाने का काम पूरा कर दिया जाएगा।

बता दें कि ट्विन टावर के ढहाए जाने का काम करने वाले इंजीनियर मयूर मेहता ने बताया कि, इंजीनियरों की टीम ने विस्फोटक लगा दिया है। आज भी विस्फोट से पहले फाइनल चेकअप होगा। उसके बाद करीब 2ः30 बजे ट्विन टावर को ढहा दिया जाएगा। ट्विन टॉवर को ढहाने में कुल 12 सेकेंड लगेंगे। इसमें 5 सेकेंड टॉवर में विस्फ़ोट होंगे। साथ ही 7 सेकेंड में बारूद जलकर टॉवर को मलबा बना देगी। उन्होंने बताया कि, इंजीनियरों की टीम सुबह से ही टावर में बिछाई गई वायरिंग का चेकअप कर रही हैं।इसके बाद चेन्नई से आया रिमोट कंट्रोल सिस्टम फिट किया जाएगा। साथ ही पावर जेनरेट करने वाला बॉक्स भी लगेगा। वाइब्रेशन मॉनिटरिंग सिस्टम भी चेन्नई से लाया गया है, जो धमाके के दौरान होने वाले वाइब्रेशन को मापेगा।

धूल कंट्रोल के लिए लगाई गई एंटी स्मॉग गन
पॉल्यूशन बोर्ड के क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि 24 घंटे पॉल्यूशन मॉनिटर किया जाएगा। इसके लिए 6 पॉल्यूशन मॉनिटरिंग मशीन लगा दी गई हैं। उन्होंने बताया कि टावर ध्वस्त होने के बाद करीब 30 मिनट तक धूल को जमीन की सतह पर बैठने का वक्त लगेगा। इसके लिए एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं। वाटर स्प्रिंकलिंग, मैनुअल स्वीपिंग, एंटी स्मॉग गन से धूल को कंट्रोल किया जाए। करीब 200 लोगों का स्टाफ पॉल्यूशन कंट्रोल के लिए तैनात किया गया है।

ट्विन टावर की निगरानी के लिए बनाया कंट्रोल रूम
ब्लास्टिंग करने वाली कंपनी के ओनर उत्कर्ष मेहता के मुताबिक ट्विन टावर में ब्लास्ट की निगरानी के लिए जहां एक कंट्रोल रूम बनेगा, उससे अलग टॉवर से 100 मीटर की दूरी पर ‘शार्ट एक्सप्लोडर’ (ब्लास्टिंग एक्सप्लोडर) भी बनेगा। इस एक्सप्लोडर से एक ट्यूब टॉवर से कनेक्ट होगी। एक्सप्लोडर से एक्सपर्ट के बटन दबाते ही टावर के एक कॉलम में शॉर्ट होगा। इसी शॉर्ट से टॉवर में फैली वायरिंग-डेटोनेटर के जरिये हर कॉलम में विस्फोट होगा। बटन दबाते ही दोनों टॉवर 12 सेकेंड में ढह जाएंगे। टावर से हवा की विपरीत दिशा में शॉर्ट एक्सप्लोडर बनाया जाएगा।

बताया जा रहा है कि, 28 अगस्त को ध्वस्त होने वाले ट्विन टावर में 915 फ्लैट और 21 दुकानें हैं। टॉवर में दो बेसमेंट हैं। दोनों टॉवर के 20 फ्लोर पर प्राइमरी ब्लास्ट किया जाएगा। इसमें एपेक्स टॉवर के बेसमेंट, पहला फ्लोर, 2,6,10,14,18,22,26 और 32 वां फ्लोर शामिल हैं। दोनों टॉवर में आठ फ्लोर ऐसे हैं जिसमें सेकेंडरी ब्लास्ट किया जाएगा। इसमें दोनों टावरों के 4,8,12,16,20,24,28 और 30 फ्लोर हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Related News

static