सीतापुर में रफ्तार का कहर! बोलेरो-बाइक की भीषण टक्कर ने छीनी 2 जिंदगियां, परिवारों में मचा कोहराम
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 06:09 PM (IST)
Sitapur News : सीतापुर जिले के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो और एक मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। लहरपुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार अंकुल (24) और काशीराम (36) गंभीर रूप से घायल हो गए तथा एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) में सवार दो युवक भी घायल हुए।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अंकुल और काशीराम को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद एसयूवी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने एसयूवी को कब्जे में ले लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लहरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

