पालतू डॉगी के लिए दो बहनों ने दे दी जान, अब उसने भी तोड़ दिया दम...पूरी कहानी जानकर रो देंगे आप

punjabkesari.in Saturday, Dec 27, 2025 - 04:18 PM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। पारा थाना क्षेत्र में रहने वाली दो सगी बहनों की मौत के बाद अब उनके पालतू कुत्ते ‘टोनी’ ने भी दम तोड़ दिया। इस तिहरे सदमे से परिवार पूरी तरह टूट गया है। 

जानिए पूरा मामला 
मृतक बहनों की पहचान राधा सिंह (लगभग 25 वर्ष) और जिया उर्फ शानू सिंह (लगभग 22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पढ़ी-लिखी थीं और घर पर ही रहती थीं। परिजनों के अनुसार, वे लंबे समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थीं। परिवार पहले ही कई दुख झेल चुका था। उनके छोटे भाई की पहले ब्रेन हेमरेज से मौत हो चुकी थी और पिता गंभीर रूप से बीमार हैं। परिवार का जर्मन शेफर्ड नस्ल का डॉग ‘टोनी’ उनके लिए सिर्फ पालतू नहीं, बल्कि घर के सदस्य जैसा था। दोनों बहनों का टोनी से बहुत गहरा लगाव था। पिछले एक महीने से टोनी गंभीर रूप से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। बहनों को उसकी तबीयत को लेकर बहुत चिंता रहती थी।

दोनों बहनों ने किया था सुसाइड 
टोनी पिछले एक महीने से अधिक समय से गंभीर रूप से बीमार था. कई डॉक्टरों से इलाज कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ. बहनों को डर था कि टोनी उन्हें छोड़कर चला जाएगा। इसी सदमे और डिप्रेशन में उन्होंने बुधवार को फिनायल पी लिया। बुधवार को दोनों बहनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मां उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचीं, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। यह परिवार के लिए बहुत बड़ा सदमा था। बताया जाता है कि बहनों की आखिरी चिंता भी टोनी को लेकर ही थी।

अब टोनी ने भी तोड़ दिया दम 
बहनों की मौत के बाद टोनी और ज्यादा कमजोर हो गया। उसने खाना-पीना लगभग छोड़ दिया। परिवार वालों का कहना है कि वह बहनों के जाने का दुख सहन नहीं कर पाया। शनिवार सुबह उसकी तबीयत और बिगड़ी और कुछ ही घंटों में उसकी भी मौत हो गई।अब परिवार टोनी का भी पूरे रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा है। पड़ोसियों के अनुसार, दोनों बहनें बहुत शांत और संवेदनशील स्वभाव की थीं और टोनी की बीमारी के दौरान खुद भी ठीक से खाना नहीं खाती थीं। यह घटना इंसान और जानवर के बीच गहरे भावनात्मक रिश्ते को दिखाती है, साथ ही यह भी बताती है कि मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज करना कितना खतरनाक हो सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static