''बहन से ही शादी करूंगा...'' जिद पर अड़ा मौसेरा भाई, दो भाईयों का कर दिया मर्डर; फिर शवों के साथ किया कुछ ऐसा, जानकर रह जाएंगे सन्न
punjabkesari.in Sunday, Dec 14, 2025 - 12:05 PM (IST)
संभल: यूपी के संभल से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पर दो सगे भाई एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे। एक भाई अमरपाल (14 साल) और दूसरा भाई कमल सिंह 9 साल का था। दोनों अपने ननिहाल आए थे और बारात में जाने के लिए खुशी-खुशी तैयार हुए, लेकिन कुछ समय बाद दोनों लापता हो गए। अमरपाल का शव घटना के चार दिन बाद पड़ा मिला तो 17वें दिन छोटे भाई कमल सिंह का शव भी एक तालाब में सड़ी-गली अवस्था तैरता मिला। शव को कुत्ते नोंच रहे थे। जिसे देखकर बच्चों की चीखें निकल गई। इस मामले में जो खुलासा हुआ है, उसे जानकर आप सबके रौंगटे खड़े हो जाएंगे।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, थाना बहजोई इलाके के गांव मैथरा धर्मपुर निवासी रामौतार के बेटे अमरपाल और कमल सिंह अपनी ननिहाल गांव मझोला गए थे। बीते 26 नंवबर को यहां से एक बारात जानी थी। दोनों भाई कुछ अन्य लोगों के साथ पिकअप वाहन में सवार होकर जा रहे थे। रास्ते में बाइक से वहां पहुंचा धनवीर दोनों भाइयों को अपने साथ लेकर चला गया। धनवीर इनका रिश्ते का मौसेरा भाई बताया जाता है। वह बंदायू का रहने वाला है। वो दोनों भाईयों को अपने साथ ले गया।
पिता ने दर्ज कराया मामला
जब दोनों बेटे नहीं मिले तो उनके पिता ने थाने में बेटे को अपहरण के मामले में आरोपी धनवीर के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों भाईयों की तलाश के लिए टीमें लगा दी। घटना के चार दिन बाद 29 नंवबर की सुबह एक गन्ने के खेत में पुलिस को अमरपाल के शव पड़ा होने की खबर मिली। उसके शव को पुलिस ने कब्जे में लिया और दूसरे की भी तलाश जारी रखी। इसके बावजूद दूसरे बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। फिर घटना के 17वें दिन छोटे भाई कमल सिंह का शव भी एक तालाब में सड़ी-गली अवस्था तैरता मिला। शव को कुत्ते नोंच रहे थे।
आरोपी ने क्यों दिया वारदात को अंजाम
मृतकों के पिता ने बताया कि उनके दो ही बेटे थे और एक बेटी है। रिश्ते के साढू का लड़का धनवीर उनके घर पिछले दिनों पहुंचा था। वो उनकी बेटी से शादी करना चाहता था और इसका दबाव बना रहा था। जब परिवार वालों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। वहीं बेटों को मार डालने की धमकी दी थी। शादी समारोह में जा रहे दोनों बेटों को आरोपी बहाने से बाइक पर बैठाकर अपहरण कर ले गया और दोनों बेटों को मार दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोपी अभी तक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

