तरबूज तोड़ने पर दबंगों ने दो किशोरों को सुनाई तालिबानी सजा
punjabkesari.in Saturday, May 29, 2021 - 02:08 PM (IST)

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां खेत से तरबूज तोड़ने पर दबंग लोगों ने दो किशोरों के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए तालिबानी सजा सुनाई। दोनों के सिर पर तरबूज रखवाया फिर कपड़ों पर सामने की ओर चोर लिखा। इतने से भी मन नहीं भरा तो आरोपियाों ने चेहरे पर काला रंग लगाने के बाद पूरे गांव में घुमाया।
क्या है मामला?
थाना इंदरगढ़ के खनियापुर गांव के दो किशोरों ने खेत से तरबूज तोड़ लिया। तरबूज तोड़ते समय खेत मालिक ने देख लिया। इस पर दोनों किशोर तरबूज छोड़कर खेत से भागने लगे। खेत मालिक ने दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोप है कि इस दौरान किशोरों को डंडे से मारा जाता रहा।
पीड़ित पिता ने खेत मालिक के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
बेटे के साथ क्रुरता का पता चलने पर पीड़ित पिता ने खेत मालिक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। दूसरी ओर सीओ दीपक दुबे का कहना है कि थानाध्यक्ष विमलेश कुमार इस मामले की छानबीन कर रहे हैं। जल्द खेत मालिक और जो भी इसमें शामिल रहे, उन पर कार्रवाई की जाएगी। किसी के साथ इस तरह का बर्ताव ठीक नहीं है।