सपा में आए शिवपाल तो अखिलेश बोले, ‘चाचा मुझसे बड़े हैं तो पार्टी में उनकी भूमिका भी मुझसे बड़ी होगी’

punjabkesari.in Thursday, Dec 08, 2022 - 11:22 PM (IST)

इटावा: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरूवार को इशारा किया कि चाचा शिवपाल सिंह यादव की उनकी पार्टी में बड़ी भूमिका होगी। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी डिंपल यादव की जीत का प्रमाणपत्र लेने के बाद यादव सैफई में पिता मुलायम सिंह यादव की समाधि स्थल गये और उन्हें पूरे परिवार ने श्रद्धाजंलि अर्पित की। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा ‘‘ जब चाचा हैं और हमसे बड़े हैं तो भूमिका भी बड़ी रहेगी।''      

जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र ने ऐतिहासिक जीत दिलाई
उन्होंने चाचा शिवपाल सिंह यादव का नाम लेते हुए कहा ‘‘ मैं उनको बधाई देता है कि उन्होंने हमारे साथ आने का काम किया है। उनका जहां सम्मान होगा और उनके कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का काम हम लोग करेंगे। अब समाजवादी आंदोलन को और आगे बढ़ाने में मजबूती मिलेगी।'' यादव ने कहा कि प्रशासन का जो रवैया था। उसका मुकाबला हम लोगों ने किया है। उसके बावजूद नेताजी के इस लोकसभा क्षेत्र से एक संदेश ऐतिहासिक जीत का दिया है। इसके लिए एक बार फिर मैनपुरी लोकसभा की जनता को बहुत-बहुत धन्यवाद एवं आभार प्रकट करता हूं। यहां जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र ने ऐतिहासिक जीत दिलाई। इसके साथ साथ करहल, मैनपुरी,किशनी विधानसभा क्षेत्र ने समर्थन दिया है। हम सभी समाजवादी लोग जनता के लिए आभारी हैं।''      

रामपुर में सरासर बेईमानी हुई है
रामपुर में हार पर अफसोस जाहिर करते हुये उन्होंने कहा ‘‘ मुझे एक दु:ख है, रामपुर में जो परिणाम आना था वैसा नहीं मिला है। मैनपुरी के साथ-साथ अगर रामपुर में भी जीत होती तो समाजवादियों का यह बड़ी खुशी का दिन होता। जहां खतौली में सपा गठबंधन की जीत हुई है। वहीं रामपुर में सरासर बेईमानी हुई है। वहां प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी थी और रामपुर में ये मकसद था कि किसी भी तरह से यहां समाजवादी पार्टी को हटाया जाए। मतदान के दिन तमाम लोगों को पीटा गया है। जिनके वीडियो भी है उसके बावजूद भी चुनाव आयोग को जो निर्णय लेना था वह नहीं लिया गया। मैं समझता हूं यह निर्वाचन आयोग के लिए बहुत दुखद बात है।''       

उन्होंने कहा कि आज के जो नतीजे हैं अब 2024 तक के लिए सभी समाजवादी कार्यकर्ताओं को यह परिणाम ऊर्जा देने के लिए है और नकारात्मक राजनीति का अंत हुआ है। यह संदेश इस चुनाव में यहां से गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static