घोसी उपचुनाव में दारा सिंह की हार पर बोले UP-BJP अध्यक्ष, कहा- हमें पता था लोगों में नाराजगी है लेकिन...
punjabkesari.in Saturday, Sep 09, 2023 - 09:42 PM (IST)

लखनऊ: मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। हार को स्वीकार करते हुए चौधरी ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह के खिलाफ लोगों की नाराजगी की जानकारी थी। उसे दूर करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन नतीजों से लगता है कि नाराजगी दूर नहीं कर पाए। उन्होंने कहा है कि उपचुनाव में हार के कारणों की पड़ताल के लिए जल्दी ही एक कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी घोसी जाकर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से बात कर हार के कारणों की पड़ताल करेगी।
दारा सिंह चौहान के खिलाफ कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी थी
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने घोसी उपचुनाव में हार के कारणों से जुड़े एक सवाल पर कहा कि पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के खिलाफ कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। इसकी जानकारी पार्टी को थी और उसे हम लोगों ने दूर करने का हर संभव प्रयास भी किया, लेकिन चुनाव नतीजों से लगता है कि उनकी नाराजगी दूर नहीं कर पाए।
चुनाव में कहीं न कहीं कमी रह गई
चौधरी का कहना है कि घोसी उप चुनाव में पार्टी के नेताओं ने मोदी-योगी सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनता के सामने रखने का प्रयास किया था। इन योजनाओं के जरिए जनता तक पहुंचने की रणनीति पर भी प्रभावी तरीके से काम हुआ था, लेकिन लगता है कि कहीं कमी रह गई।
सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42,672 वोटों से हराया
गौरतलब है कि मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42,672 वोटों से हराया है। एकतरफा मुकाबले में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने 1,24,427 मत पाकर भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42,759 मतों से हराया। दारा सिंह चौहान को 81,668 मत मिले। तीसरे नंबर पर पीस पार्टी के सनाउल्लाह को 2,570 मत मिले। रिकॉर्ड जीत दर्ज करने वाले सपा के सुधाकर तीसरी बार विधायक बने हैं।