UP: पूर्व DGP केएल गुप्ता का निधन, बिकरू कांड जांच में निभाई थी अहम भूमिका; यूपी पुलिस में शोक की लहर
punjabkesari.in Thursday, Jul 24, 2025 - 12:49 AM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के दिग्गज अधिकारी और 1965 बैच के आईपीएस केएल गुप्ता का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे सहित राज्य भर में शोक की लहर दौड़ गई है। बुधवार को लखनऊ के विज्ञानपुरी स्थित उनके आवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी, जिसके पश्चात अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बिकरू कांड जांच में निभाई थी निर्णायक भूमिका
कानपुर के चर्चित बिकरू कांड की जांच में केएल गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सुप्रीम कोर्ट द्वारा 24 जुलाई 2020 को गठित तीन सदस्यीय जांच आयोग में वह बतौर सदस्य शामिल किए गए थे। इस आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज बीएस चौहान कर रहे थे, जबकि अन्य सदस्य जस्टिस शशिकांत अग्रवाल थे।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जाने जाते थे आईपीएस गुप्ता
अपने करियर के दौरान केएल गुप्ता ने कई उच्च पदों पर रहकर पुलिस सेवा को नई दिशा दी। वह न सिर्फ प्रशासनिक सख्ती बल्कि निष्पक्ष जांच के लिए भी जाने जाते थे। उनकी गिनती उत्तर प्रदेश पुलिस के सबसे अनुभवी अधिकारियों में की जाती थी।
राज्य पुलिस को बड़ा नुकसान
केएल गुप्ता के निधन को उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और अनुभव की भरपाई मुश्किल मानी जा रही है। बुधवार को उनके अंतिम संस्कार में वरिष्ठ अधिकारी, परिजन और शुभचिंतक उन्हें अंतिम विदाई देंगे।