इंडस्ट्री को फिर बड़ा झटका, खो दिया एक महान हस्ती को, दिग्गज एक्टर का लंबी बीमारी के बाद निधन
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 01:31 PM (IST)
UP Desk : बंगाली फिल्म और टेलीविजन जगत के वरिष्ठ अभिनेता बिप्लब दासगुप्ता का शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। अपने सधे हुए अभिनय और मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस के लिए पहचाने जाने वाले दासगुप्ता के निधन से बंगाली मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
सर्जरी के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बिप्लब दासगुप्ता पिछले कुछ समय से प्रोस्टेट सर्जरी के बाद उत्पन्न स्वास्थ्य जटिलताओं से जूझ रहे थे। शुक्रवार को कोलकाता स्थित गोल्फ क्लब रोड, टॉलीगंज आवास पर अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिल्म और टेलीविजन में लंबा और यादगार सफर
बिप्लब दासगुप्ता ने बंगाली सिनेमा में कई उल्लेखनीय भूमिकाएं निभाईं। वह गुमनामी, जुल्फिकार और बैशे श्रावण जैसी चर्चित फिल्मों में नजर आए। उनकी अभिनय शैली में सादगी और गहराई का अनोखा मेल देखने को मिलता था। टेलीविजन जगत में भी उन्होंने अपनी मजबूत पहचान बनाई। केमिस्ट्री मासी, जोगोमाया और चेकमेट जैसे धारावाहिकों में उनके किरदारों को दर्शकों ने खूब सराहा।

