हरदोई में बढ़ने लगा रामगंगा, गंगा व गंभीरी नदी का जलस्तर...लोग तोड़ रहे अपने आशियाने
punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2023 - 05:27 PM (IST)

Hardoi News (मनोज तिवारी): उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कटियारी इलाके में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। पांच नदियों से घिरे इस इलाके में लोग सम्भावित बाढ़ के खतरे से आशंकित है और नया ठिकाना तलाश रहे है। जहां रामगंगा, गंगा व गंभीरी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। जिससे कटियारी के लोगों पर बाढ़ का खतरा मड़राने लगा है। अरवल थाना क्षेत्र का चंद्रमपुर गांव रामगंगा नदी के कटान की जद में आया है, जिससे लोग पक्के मकान को तोड़ दूसरा आशियाना तलाश रहे है।
बता दें कि जिले की रामगंगा व गम्भीरी नदियों का 2 दिनों से जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अरवल थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी के किनारे बसे लगभग आधा दर्जन से अधिक गांवो में कटान शुरू हो गया है। बाढ़ के आगोश में आने वाले गांवों में रामगंगा नदी का पानी घुसने की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन सक्रिय हो गया है।
रामगंगा नदी के किनारे बसे बम्हरौली गांव में प्राथमिक स्कूल बंद करने के निर्देश दिए गए है जबकि नन्दना,चन्द्रमपुर, खुर्रमपुरवा ,अलीशेर की मड़ैया व बेहटा मुड़िया गांवों का कटान शुरू हो गया है। इन गांवों में सैकङो एकड़ कृषि भूमि का कटान होकर फसले रामगंगा नदी में समाहित हो चुकी है।
वहीं, बेहटा मुड़िया गांव में नदी के मुहाने पर बने कमलेश व महेश अपने मकानों को खुद गिराने में जुटे हुए है। इनके घर नदी से महज पांच मीटर दूर स्थित है। नदियों के जलस्तर बढ़ने की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार लगातार क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वहीं, एसडीएम डॉक्टर अरुणिमा श्री वास्तव ने बताया कि नदियों के जलस्तर में लगातार बृद्धि की जानकारी मिलते ही सभी बाढ़ राहत चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। साथ ही तहसील मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित कर पल-पल जानकारी ली जा रही है। नदियों के किनारे बसे गांवों के लोगो को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचने के निर्देश दिए गए हैं।