वैवाहिक कलह ने लिया भयावह रूप! रात में पत्नी ने ब्लेड से पति के प्राइवेट पार्ट पर किया हमला, हालत गंभीर

punjabkesari.in Saturday, Oct 04, 2025 - 05:19 PM (IST)

Sambhal News: गुन्नौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात वैवाहिक विवाद के दौरान एक महिला ने अपने पति पर खौफनाक हमला कर दिया। महिला ने ब्लेड से पति के निजी अंग पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने लहूलुहान हालत में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है।

विवाद बना हमले की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक का नाम राजू है, जो गुन्नौर क्षेत्र का निवासी है। उसकी शादी बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव की एक युवती से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। शुक्रवार रात भी किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और पत्नी ने ब्लेड से हमला कर दिया।|

गंभीर अवस्था में राजू, पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल राजू को गुन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

पत्नी पुलिस के रडार पर, जांच जारी
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी तनाव का परिणाम प्रतीत होता है। महिला फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस घटना की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर हमले की असली वजह क्या थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static