संभल में पत्नी का खौफनाक कहर! झगड़े के बाद पति के प्राइवेट पार्ट पर किया ब्लेड से हमला, हालत नाजुक
punjabkesari.in Saturday, Oct 04, 2025 - 12:50 PM (IST)

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पत्नी ने अपने पति के प्राइवेट पार्ट पर ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
घटना गुन्नौर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक राजू की शादी बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव की रहने वाली एक युवती से हुई थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी ने ब्लेड उठाकर राजू के निजी अंग पर वार कर दिया। हमले के बाद राजू गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। परिजनों ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखकर जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर कर दिया।
क्या कहना है परिजनों का?
राजू के परिवार वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। कई बार घरवालों ने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश भी की थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। घटना की रात फिर से झगड़ा हुआ और बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक गुन्नौर अखिलेश प्रधान ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है। पीड़ित के प्राइवेट पार्ट पर हमला किया गया है, जिससे वह बुरी तरह घायल हुआ है। फिलहाल, पीड़ित का इलाज चल रहा है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं मिली है, लेकिन घटना की जांच जारी है। पुलिस आरोपी पत्नी की तलाश कर रही है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।