प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन: केशव मौर्य बोले- मैनपुरी में चलने लगी बदलाव की हवा, उपचुनाव के बाद समाप्त हो जाएगी सपा

punjabkesari.in Thursday, Dec 01, 2022 - 09:13 PM (IST)

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में हिस्सा लेने आये प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि इस बार मैनपुरी की जनता सपा को समाप्त कर देगी। शहर के आगरा रोड स्थित लार्ड कृष्णा स्कूल में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में बोलते हुए प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग पूरे समाज को दिशा दे सकता है। मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र का इतिहास बताने की यहां जरूरत हैं, क्योंकि आप सभी को इसके बारे में जानकारी है। इस बार मैनपुरी की जनता समाजवादी पार्टी को समाप्तवादी पार्टी बनाकर ही छोड़ेगी।

उन्होंने कहा ‘‘ हम प्रशासन और पुलिस का दुर्पयोग करना नहीं जानते हैं, हम तो सत्य की लड़ाई लड़ते हैं और लोकतंत्र के लिए लड़ते हुए जीतकर देश में विश्व के शक्तिशाली नेता के रूप में नरेंद्र मोदी की सरकार है। नरेंद्र मोदी सरकार में प्रबुद्ध, वैश्य वर्ग और मातृ व युवा शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है। जहां 2012 से 2017 तक पूरा उत्तर प्रदेश त्राहिमाम कर रहा था। योगी सरकार में गुंडा, माफिया और अपराधी जेल जा रहे हैं। भाजपा जहां सरकार में रहती है, वहां हर बार लौटकर आती है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को हम लोग श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।''

समाजवाद को एक परिवार के अंदर बंधक बनाकर नहीं रखा जा सकता है। मैनपुरी के उप चुनाव में यह समाजवाद के किले को धराशाई करने का मौका है। पांच दिसंबर को ये किला ध्वस्त हो जाएगा। इसके बाद देश के खजाने की चाबी मैनपुरी के पास आ जाएगी, जिससे यहां विकास की गंगा बहेगी। चाचा की मांग पर ही उन्हें सुरक्षा दी गई। जब चाचा भतीजे एक हो गए तो उन्हें सुरक्षा की अब क्या जरूरत है। इस मौके पर वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमंत गुप्ता, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, ब्लाक प्रमुख मनेश सिंह चौहान, डा. राकेश गुप्ता, शशांक गुप्ता, राहुल भारतीय, बीके अवंती बहन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static