''मेरा पति देशद्रोही?'', कई फर्जी पासपोर्ट देख भागी-भागी थाने पहुंची पत्नी, खोल दी सारी पोल; शिकायत सुन CO भी रह गए दंग!
punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 05:35 PM (IST)

शामली : उत्तर प्रदेश में शामली जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर कथित रूप से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार कोतवाली पुलिस में मनीषा (33) ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति मोहम्मद इंतजार "संदिग्ध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों" में शामिल है।
पुलिस ने बताया कि उसने अपने पति के पास से कई जाली दस्तावेज भी बरामद किए हैं, जिनमें आधार कार्ड, पासपोर्ट और उसके नाम वाले शैक्षणिक प्रमाण पत्र शामिल हैं। शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामसेवक गौतम ने बताया कि पुलिस ने इंतजार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 336 (जालसाजी), 337 (सार्वजनिक अभिलेखों की जालसाजी), 339 (जाली दस्तावेज रखना) और 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी ने कहा कि आरोपों और शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार मनीषा की शादी 2017 में इंतजार से हुई तथा इस दंपति के आठ और 10 साल के दो बच्चे हैं। गौतम ने बताया कि पुलिस इंतजार की तलाश कर रही है, जो फरार है।