कानपुर में महिला का खौफनाक कदम, 2 बेटियों को जहर देकर मारा, फिर खुद की भी जीवन लीला की समाप्त; तलाक, तन्हाई और तानों ने ली जान

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 03:45 PM (IST)

कानपुर : उत्तर प्रदेश में कानपुर के महाराजपुर इलाके में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना में एक तलाकशुदा महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों ने कथित तौर पर जहर खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि चांदनी (33) नामक महिला और उसकी बेटियां पायल (सात) और ब्यूटी (पांच) सुबह करीब छह बजे महाराजपुर स्थित अपने घर में बेहोश पायी गयी थीं। 

उन्होंने बताया कि तीनों को पहले सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से गम्भीर हालत के मद्देनजर उन्हें लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया, मगर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चांदनी के भाई जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन का मैनपुरी ज़िले के करहल के रहने वाले राकेश से तलाक हो गया था तथा वह पिछले तीन सालों से अपने मायके में रहकर मजदूरी करके अपनी बेटियों का पालन-पोषण कर रही थी। मृतकों के परिजन ने आपातकालीन सेवाओं में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकारी एम्बुलेंस सेवा को बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों के कई बार कहने के बावजूद एम्बुलेंस लगभग एक घंटे बाद पहुंची। 

चांदनी के भाई धर्मेंद्र ने कहा, ''अगर समय पर चिकित्सकीय मदद मिल जाती, तो शायद उनकी जान बच जाती।'' पुलिस सूत्रों ने बताया कि मौत की असली वजह का पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि शुरुआती जांच में घटना की वजह साफ तौर पर सामने नहीं आई है। अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) शिवा सिंह ने कहा कि शुरुआती पूछताछ से पता लगा है कि चांदनी शायद किसी मानसिक तनाव में थी। अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस परिवार वालों तथा पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static