गन्ने के खेत से अचानक निकला तेंदुआ, महिला को घसीटकर उतारा मौ/त के घाट...चीख-पुकार से दहला इलाका

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 12:42 PM (IST)

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में गुरुवार शाम गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। प्रभागीय वन अधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि सुजौली गांव के गड़ेरियन पुरवा निवासी ममता (35), पत्नी राजेंद्र, शाम करीब 6 बजे घर के पास खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल निकटतम जंगल से करीब 2 किलोमीटर दूर है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। मृतका के पति राजस्थान में थे और शुक्रवार सुबह बहराइच पहुंच गए। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है।

ये भी पढ़ें:- कैमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 21 दमकल गाड़ियों और SDRF ने पाया काबू... बाल-बाल बचे दर्जनों मजदूर

डीएफओ ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले सुजौली क्षेत्र में वन विभाग ने 2 जागरूकता अभियान चलाए थे। बड़े मांसाहारी जानवरों को आबादी से दूर रखने के लिए हाथियों से गश्त भी कराई गई थी। घटना से कुछ मिनट पहले घटनास्थल से करीब 100 से 200 मीटर की दूरी पर 2 कैमरा ट्रैप भी लगाए गए थे। क्षेत्र में हाल के दिनों में तेंदुए के हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। इसी महीने सुजौली क्षेत्र में 86 वर्षीय महिला की तेंदुए के हमले में मौत हुई थी, जबकि एक अन्य घटना में युवक घायल हुआ था। इसके अलावा बहराइच में कई तेंदुओं को पिंजरे लगाकर सुरक्षित पकड़ा गया और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत जंगल में छोड़ा गया। वन विभाग के अनुसार, बाढ़ के बाद आबादी वाले इलाकों में तेंदुओं की आवाजाही बढ़ी है और निगरानी व बचाव अभियान तेज किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही से लोग भयभीत हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static