UP व‍िधानभवन के बाहर खुद को आग लगाने वाली महिला की मौत, पूर्व राज्यपाल का बेटा अरेस्ट

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2020 - 11:11 AM (IST)

लखनऊः यूपी विधानभवन के पास मंगलवार को खुद को आग के हवाले करने वाली महिला की अस्पताल में मौत हो गई है। इस मामले में राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्व. सुखदेव प्रसाद के बेटे आलोक प्रसाद का नाम सामने आ रहा है। मृतक महिला ने मरने से पहले आलोक प्रसाद पर आरोप लगाया कि उसे आत्मदाह के लिए उकसाया था, जिसके चलते उसने केरोसिन उड़ेलकर खुद को आग के हवाले कर दिया। आलोक महाराजगंज में मृतक महिला का पड़ोसी है और यहां गोमतीनगर में भी उसका मकान है, वहीं से उसे मंगलवार रात लखनऊ पुलिस ने हिरासत में लिया था। 

PunjabKesari
महाराजगंज निवासी जिस महिला अंजल‍ि ने मंगलवार को विधानभवन के पास खुद को आग के हवाले किया था, उसकी बुधवार शाम इलाज के दौरान सिविल अस्पताल में मौत हो गई। शाम सवा सात बजे के करीब सिविल अस्पताल के डॉक्टराें ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के तुरंत बाद ही महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सीएमएस डॉ एसके नंदा ने महिला के 90 प्रतिशत जलने की बात कहते हुये उसकी हालत बेहद नाजुक बताई थी।

एसपी महाराजगंज ने लखनऊ पुलिस को आलोक प्रसाद के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध कराए। सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) में भी आलोक की ओर से अंजलि को कई बार फोन के प्रमाण मिले हैं। इसी आधार पर आलोक प्रसाद व अन्य अज्ञात के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने आत्महत्या के लिये उकसाने, साजिश रचने समेत आइपीसी की गंभीर धाराओं में एफआइआर दर्ज की है। आलोक प्रसाद कांग्रेस से भी जुड़ा रहा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि लगभग 35 वर्षीय महिला का आरोप है कि महराजगंज के रहने वाले अखिलेश तिवारी से उसकी शादी हुई थी जिसके बाद तलाक हो गया। इसके बाद महिला ने धर्म परिवर्तन कर आसिफ नाम के युवक से शादी कर ली। शादी के बाद आसिफ सऊदी अरब चला गया। उन्होंने बताया कि आसिफ के परिजन लगातार महिला को प्रताड़ित कर रहे थे जिससे परेशान होकर उसने विधानसभा के सामने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली।

उधर, प्रदेश कांग्रेस ने आलोक प्रसाद की गिरफ्तारी पर कड़ा विरोध दर्ज किया है। पार्टी के मीडिया काडिर्नेटर ललन कुमार ने फोन पर बताया कि कल रात दो बजे बिना किसी वारंट के बेहद कायराना ढंग से यूपी दलित कांग्रेस अध्यक्ष आलोक प्रसाद को पुलिस ने गोमती नगर से गिरफ्तार किया। योगी सरकार बौखला गई है एवं पुलिस के दम पर तानाशाही कर रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static