हैदराबाद मामले पर बोलीं WWE रेसलर कविता दलाल- सरकार जिम्मेदारी दे तो दुष्कर्मियों को खुद मार दूं गोल
punjabkesari.in Monday, Dec 02, 2019 - 06:22 PM (IST)
बागपतः हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ हुए घिनौने कृत्य ने पूरे देश में तहलका मचा दिया है। इस वीभत्स मामले को लेकर लोगों में बेहद रोष है। लोग लगातार आरोपियों को जिंदा जला देने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में लेडी खली के नाम से विख्यात WWE रेसलर कविता दलाल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि सरकार उन्हें जिम्मेदारी दे तो वे खुद ही दुष्कर्मियों को सरे बाजार गोली मार दें।
इतना ही नहीं उन्होंने सरकार को कटघरे में खड़े करते हुए कहा कि सरकार से अब किसी तरह की उम्मीद नहीं रही, क्योंकि सरकार या कानून आकर लड़कियों की सुरक्षा नहीं कर सकता। लड़कियां कमजोर नहीं है। जरुरत है लड़कों का मानसिकता बदलने की। उन्होंने कहा कि भारत में आए दिन महिलाओं, लड़कियों के साथ दुष्कर्म, दुर्व्यवहार जैसी घिनोनी घटनाएं सामने आ रही है।
कविता दलाल ने कहा कि मैं एक मजबूत लड़की हूं, लेकिन जो छोटी बहने हैं, जो आज के समय में सड़क पर बाहर निकलने में भी डरती है, उनकी सुरक्षा कौन करेगा? सरकार से दुष्कर्म मामले में आरोपियों को सख्त सजा दे। उन्होंने दुष्कर्म, दुर्व्यवहार होते ही आरोपियों को चौराहे पर खड़ा कर गोली मारने की सजा की मांग की है।
उन्होंने आगे कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में लड़कों की बराबर कर रही हैं। आज बेटियों को असहाय व मजबूर समझना लोगों की भूल हो सकती है, क्योंकि बेटियां चाहे सरकारी विभाग हो या फिर गैर सरकारी विभाग, हर जगह उच्च पदों पर आसीन है। पढ़ाई के साथ-साथ बेटियां खेलकूद में भी अपना परचम लहरा रही हैं। बता दें कि कविता दलाल बागपत के बिजवाड़ा गांव की बहू हैं। सोमवार को वे बड़ौत में वनस्थली पब्लिक स्कूल में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुची थीं।