UP में आंधी-तूफान का कहर! टीनशेड के साथ 50 फीट ऊपर हवा में उड़ा युवक, Video Viral, नन्हे अंसारी ने सुनाई खौफनाक मंजर की आपबीती

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 12:45 PM (IST)

बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान के दौरान एक व्यक्ति के टिन शेड के साथ करीब 50 फुट तक हवा में उड़ जाने का चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मौसम संबंधी इस भीषण परिस्थिति की वजह से जिले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। बामियाना गांव में मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में एक विशाल टिन शेड हवा में उड़ता हुआ दिखाई देता है, जिसके साथ एक व्यक्ति भी ऊपर उठकर नीचे गिर जाता है। 

तूफान से बचने के लिए टिन शेड के नीचे खड़ा था युवक  
स्थानीय लोगों के अनुसार, वीडियो में नजर आए व्यक्ति की पहचान नन्हे मियां के रूप में हुई है। बताया गया कि वह तूफान से बचने के लिए टिन शेड से बंधी रस्सी पकड़कर खड़ा था, लेकिन तेज हवाओं के कारण शेड के साथ वह भी हवा में उछल गया। अधिकारियों ने बताया कि नन्हे मियां के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उसके सिर व पीठ पर भी चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, यह घटना 13 मई को भमोरा थाना क्षेत्र में हुई थी। बामियाना गांव के रहने वाले वहीद अंसारी के पुत्र नन्हे एक मैरिज हॉल में ई-रिक्शा से सामान पहुंचाने गया था, तभी अचानक तेज आंधी आ गई। 

नन्हे अंसारी ने सुनाई आपबीती
नन्हे ने बताया कि तेज हवा के कारण टिन शेड से तेज आवाजें आने लगीं, जिसके बाद उसने रस्सी पकड़ ली, लेकिन अचानक आए तेज झोंके में शेड के साथ वह भी हवा में उठ गया और पास के खेत में गिर पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बना बताया, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। 

जिले में 4 अन्य की मौत 
जिले में आंधी-तूफान से जुड़ी घटनाओं में कुल चार लोगों की मौत हुई है। नंदगांव के जंगतीरा में दीवार गिरने से 38 वर्षीय घासीराम की मौत हो गई। भमोरा के नितोई गांव में पेड़ की टहनी गिरने से 65 वर्षीय गोमती देवी की जान चली गई। बेहटा जुनून गांव में टिन शेड गिरने से 61 वर्षीय लीपी नामक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि हर्रामपुर गांव में पेड़ गिरने से सात वर्षीय छात्रा देवकी सक्सेना की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज तूफान के कारण कई गांवों में पेड़ उखड़ गए और पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण इलाकों में कई मकानों और झोपड़ियों को भी क्षति हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static