धर्मस्थल को लेकर हिन्दू संगठन ने मचाया बवाल, महिलाओं ने उखाड़ा बंद दरवाजा

punjabkesari.in Tuesday, Mar 28, 2017 - 03:39 PM (IST)

आगराः आगरा के खातीपाड़ा (लोहामण्डी) में बीती रात सीज धर्मस्थल का दरवाजा महिलाओं ने उखाड़ फेंका और दीवार तोड़ दी। हिंदूवादी नेता महिलाओं की भीड़ के साथ थे। सूत्रों के अनुसार दोपहर से इसकी प्लानिंग चल रही थी। एक साल पहले नवरात्र में ही धर्मस्थल को सीज किया गया था।

मुस्लिम परिवार की शिकायत पर हुआ था मंदिर बंद
जानकारी के अनुसार जटपुरा से सटे खातीपाड़ा इलाके में कुएं वाली गली है। इसी गली में एक कुंआ है। जहां पथवारी माता की प्रतिमा स्थापित है। दशकों से क्षेत्रीय महिलाएं यहां पूजा अर्चना कर रही थीं। सूत्रों के अनुसार 6 साल पहले मंदिर के बराबर में रहने वाले राजेश पंडित ने अपना मकान आयकर विभाग के रिटायर कर्मचारी आबिद को बेच दिया। पिछले साल इस परिवार ने पथवारी मंदिर पर पूजा अर्चना का विरोध किया। तर्क दिया कि यहां एक मजार भी है। जिसके चलते  अप्रैल 2016 में तत्कालीन सीओ लोहामंडी और एसीएम ने इस धर्मस्थल को सीज कर दिया।

आक्रोशित महिलाओं ने तोड़ा दरवाजा
क्षेत्रीय लोगों के पास पूजा अर्चना के लिए कोई जगह नहीं बची थी। इलाके की नंदनवारी ने बताया कि मंगलवार से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। क्षेत्रीय महिलाएं दोपहर से लोहामंडी थाने पर थीं। महिलाएं मंदिर खोलने की मांग कर रही थीं, लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी। कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया। महिलाएं आक्रोशित हो गईं। हिंदूवादी नेताओं को बुला लिया गया। भीड़ थाने से इलाके में आ गई। आक्रोशित महिलाओं ने दरवाजा तोड़ दिया। पुलिस ने महिलाओं पर लाठीचार्ज किया है। जिसमें 2 महिलाएं जख्मी हुई हैं।

मौके पर पुलिस बल तैनात
पुलिस ने तनाव के मद्देनजर मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया है। पुलिस की मंशा यह है कि आगे बवाल नहीं हो। खातीपाड़ा में हुई घटना का असर पूरे लोहामंडी बाजार में था। जगह-जगह गलियों के बाहर भीड़ लगी हुई थी। पुलिस ने इसे भी गंभीरता से लिया है। इलाका पुलिस को पूरे क्षेत्र में पैनी नजर रखने को कहा गया है।

हिंदूवादियों का एलान होगी पूजा
हिंदूवादियों के इरादे बुलंद हैं। उन्होंने साफ बोल दिया है कि कुंए वाले मंदिर में मंगलवार से पूजा अर्चना होगी। क्षेत्र की महिलाएं वहीं पूजा करने जाएगी। अधिकारी चाहें मौके पर पुलिस लगाएं या पीएसी। महिलाओं को पूजा करने से कोई नहीं रोक सकता। बवाल के दौरान पूरा खातीपाड़ा इलाका जय श्री राम के नारे से गूंज उठा था।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static