इन्वेस्टर्स समिट में बोले राजनाथ, देश के विकास का इंजन बन सकता है उत्तर प्रदेश

punjabkesari.in Thursday, Feb 22, 2018 - 02:19 PM (IST)

लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश की आर्थिक क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य भारत की प्रगति में महत्तवपूर्ण भूमिका निभा सकता है और यह देश के विकास का इंजन बन सकता है। सिंह ने यूपी इन्वेस्टर्स समिट (उत्तर प्रदेश निवेश सम्मेलन-2018) में कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही व्यापारिक माहौल बनाकर यूपी को निवेशकों के लिए व्यवस्थित करने की दिशा में काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि उप्र का मतलब विकास के लिए असीमित क्षमता। आज प्रदेश भारत की प्रगति में महत्तवपूर्ण भूमिका निभा सकता है और यह देश के विकास का इंजन बन सकता है। पिछले 15 साल में कभी भी विकास के नाम पर इतनी गंभीर चर्चा नहीं हुई, अब विकास बहुत तेजी से वापस आया है। अगर निवेशकों के मन में कोई संदेह है तो यह एक ऐसा मंच है जहां पर सभी आशंकाओं को दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश अग्रणी प्रदेश हुआ करता था लेकिन कुछ कारणों से पिछले कुछ सालों में यह पिछड़ गया लेकिन अब ऐसा दिख रहा है ​कि एक बार फिर प्रदेश विकास की ओर अग्रसर होगा।

सत्र को सम्बोधित करते हुए सिंह ने कहा कि औद्योगिक एवं अवस्थापना सुरक्षा का यह सत्र वस्तुत: उद्योगों के विकास और विस्तार से सम्बन्धित है। निवेश के लिए सुरक्षा सर्वाधिक आवश्यक तत्वों में से है। कानून व्यवस्था की अच्छी स्थिति के बिना विकास और समृद्धि के लक्ष्य प्राप्त नहीं किए जा सकते। अपराधों के प्रति मुख्यमंत्री की कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति से उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति में गुणात्मक सुधार हुआ है। राज्य सरकार ने संगठित अपराध के विरुद्ध जो नीति अपनाई है, यह व्यापार एवं उद्योग को प्रोत्साहित करने वाली है।

उत्तर प्रदेश में उपलब्ध संसाधनों की चर्चा करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि यूपी का अर्थ अनलिमिटेड पोटेन्शियल है। उत्तर प्रदेश अनन्त अवसरों की भूमि है। इसमें भारतवर्ष के ग्रोथ इंजन बनने की पूरी सम्भावना है। वर्तमान में प्रदेश की विकास दर डबल डिजिट की है। यह देश के 5 बड़े मैनुफैक्चुरिंग स्टेट्स में से भी एक है। प्रदेश में मैनुफैक्चुरिंग यूनिट लगाना किसी भी निवेशक के लिए फायदे का सौदा होगा। बुन्देलखंड में डिफेन्स कॉरिडोर की स्थापना से प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और समृद्धि आएगी। इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस समिट से निवेशकों की शंकाओं का समाधान हो जाएगा और प्रदेश में विकास की वापसी होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static