पति की हत्या पर बोली पत्नी- 16 साल बाद अब जाकर मिला सुकून

punjabkesari.in Thursday, May 18, 2017 - 12:46 PM (IST)

मेरठः यूपी के मेरठ जिले में एक खौफनाक मामला सामने आया है। जहां एक पत्नी ने अपने भाई के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद पुल‍िस को बताया क‍ि मैंने पत‍ि की हत्या कर दी है। पुल‍िस दोनों को ग‍िरफ्तार कर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

16 साल पहले किया था प्रेम-विवाह
दरअसल मामला मुरादाबाद जिले के कटघर थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले कृष्ण मुरारी और साधना ने करीब 16 साल पहले प्रेम-विवाह किया था। कृष्ण मुरारी टीवी मेकैनिक था। शादी के कुछ दिन तक सबकुछ ठीक चला, लेकिन बाद में आए दिन मामूली बात को लेकर कहासुनी होने लगी। महिला ने बताया बीती रात भी हमारे बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके कृष्ण ने मुझे मारा-पीटा। इसके बाद मैं रात में ही मायके चली आई। सुबह वो मुझे  मनाने के ल‍िए आ पहुंचा।

मनाने आया पति तो लाठी-डंडों से किया लहू-लुहान
लोगों का कहना है कि कृष्ण मुरारी ने साधना को वापस घर चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में फिर कहासुनी हो गई। दोनों के बीच मारपीट होता देख साधना का भाई मनोज भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान मनोज और साधना ने मिलकर कृष्ण मुरारी के ऊपर लाठी-डंडों, सरिया और र्इंट से हमला बोला, ज‍िससे वह लहू-लुहान होकर गिर पड़ा। कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।

पति की हत्या कर पत्नी ने खुद दी पुलिस को जानकारी
पति की मौत के बाद साधना ने थाना गलशहीद पुलिस को फोन किया और घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और दोनों को गिरफ्तार भी किया।

16 साल बाद अब जाकर मिला सुकूनः पत्नी
पुलिस पूछताछ में साधना ने बताया कि उसे अपने पति की हत्या का कोई अफसोस नहीं है। उसका पति शराब पीने का आदी हो चला था। नशे में रोज उसके साथ मारपीट करता था, जिससे उसकी जिंदगी नरक हो गई थी। 16 साल बाद अब जाकर सुकून मिला है।

वहीं भाई मनोज ने बताया  कि उसका जीजा राक्षस बन गया था। उसने बहन की जिंदगी नरक बना दी थी, आज छुटकारा दिला दिया।एसपी सिटी आशीष श्रीवास्तव का कहना है, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static