प्रयागराज में PRV 112 पर बड़ी गाज: गंगापार से यमुनापार भेजे गए 518 पुलिसकर्मी, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 02:05 PM (IST)
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (PRV) 112 में तैनात 518 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया गया है। जिन पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है, उनमें उप निरीक्षक (SI), हेड कांस्टेबल और सिपाही शामिल हैं। ये पुलिसकर्मी 3 से 6 साल से एक ही जगह तैनात थे। शिकायतों और खराब प्रदर्शन के बाद पुलिस आयुक्त जोगिंदर कुमार ने कार्रवाई की। जांच के बाद सभी पुलिसकर्मियों को अलग-अलग थानों की पीआरवी में भेज दिया गया। शहर में तैनात कई पुलिसकर्मियों को देहात भेजा गया, जबकि गंगापार में तैनात जवानों को यमुनापार के क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
पुलिस कमिश्नर की जांच में खुली पोल
पीआरवी में 112 तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि कई जगह समय पर पुलिस नहीं पहुंच रही थी और प्रतिक्रिया भी संतोषजनक नहीं था। इसी को देखते हुए पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने पूरे मामले की निगरानी कराई और संबंधित पुलिसकर्मियों की जांच कराई। जांच पूरी होने के बाद तबादले का फैसला लिया गया।
3 से 6 साल से एक ही जगह जमे थे जवान
जांच में सामने आया कि कई पुलिसकर्मी 3 से 6 साल से एक ही पीआरवी या एक ही क्षेत्र में तैनात थे। इसके बाद ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची तैयार की गई और एक साथ 518 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया गया। इन पुलिसकर्मियों का तुरंत प्रतिक्रिया समय भी उम्मीद के मुताबिक नहीं था। इसके चलते फीडबैक लगातार खराब मिल रहा था।
112 सेवा को बेहतर बनाने की बड़ी कवायद
बताया जा रहा है कि इसी वजह से पुलिस कमिश्नरेट ने बड़े स्तर पर फेरबदल किया, ताकि 112 सेवा की कार्यप्रणाली में सुधार हो सके। तबादलों के तहत शहर में तैनात कई पुलिसकर्मियों को देहात के अलग-अलग थानों की पीआरवी में भेजा गया है। वहीं, गंगापार में तैनात जवानों की पोस्टिंग यमुनापार क्षेत्र में की गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और 112 सेवा का प्रतिक्रिया बेहतर होगा।

