''BJP दे रही 20 हजार, हम देंगे 40 हजार''... योगी सरकार पर Akhilesh Yadav का तीखा हमला

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 11:43 AM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को 20-20 हजार रुपए की मदद देने की सम्भावित घोषणा को लेकर मीडिया में आ रही खबरों के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि 2027 का विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पास पैसे के सिवा कुछ नहीं बचा है।

 

यादव ने 'एक्स' पर एक विस्तृत पोस्ट में इस प्रस्तावित योजना को भाजपा का एक और जुमला बताया और आरोप लगाया कि जो पैसा दिया जा रहा है, वह भाजपा की पाप की कमाई है। यादव ने पोस्ट में कहा, ''समाचार : भाजपा का एक और जुमला उप्र की महिलाओं को देंगे 20000, विचार : भाजपा के पास चुनाव जीतने के लिए पैसे के सिवा कुछ नहीं बचा है। वो भी भाजपा की पाप की कमाई है, जिसे उप्र की धर्म भीरू महिलाएं कभी नहीं लेंगी।

सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जागरूक महिलाएं पूछ रही हैं कि जिन दूसरे राज्यों में महिलाओं को पैसे देने की घोषणा करके चुनाव जीता था, वहां एक तरफ तो देने से आनाकानी कर रहे हैं, दूसरी तरफ पैसे वापस मांग रहे हैं और जो लौटा नहीं पा रही हैं, उन महिलाओं पर भाजपा मुकदमे की कार्रवाई कर रही है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देखा जाए तो आज जिस 50 हजार रुपए सालाना पैसे देने की बात भाजपा सरकार कर रही है, वो पैसे पिछले 10 साल में भी दे सकती थी, पर दिया नहीं। मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश की महिलाओं के हक-अधिकार के हजारों करोड़ रुपए अपने प्रचार पर खर्च करके सबको ठेंगा दिखा दिया।

ये भी पढ़ें:- चुनावी माहौल में महिलाओं के लिए बड़ा दांव: खाते में आएंगे 50-50 हजार रुपए? जानिए Yogi सरकार का मास्टर प्लान

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि 50 हजार रुपए हर साल के हिसाब से भाजपा की भ्रष्ट सरकार पिछले 10 साल में महिलाओं के हिस्से के 5-5 लाख रुपए खा गई और अब केवल 20 हजार देने का जुमला परोस रही है। यादव ने कहा कि 20 हजार रुपए तो 5 लाख रुपए का केवल 4 प्रतिशत हुआ, इसका मतलब यह है भाजपा के लोग महिलाओं के हक का 96 फीसद डकार गए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि 80:20 की बात करनेवालों ने तो 96:4 करके भ्रष्टाचार का सुपर रिकॉर्ड बना दिया।

सपा प्रमुख ने कहा, कि भाजपा चुनाव में लड़ता दिखने के लिए 20 हजार रुपए दे भी दे, तो भी जनता के भाजपा सरकार पर चार लाख 80 हजार रुपए का बकाया निकलता है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जनाक्रोश के डर से भाजपा के नेता, और कार्यकर्ता भूमिगत हो गए हैं और यहां तक कि भाजपा से अब कोई टिकट भी नहीं लेना चाहता है। यादव ने कहा कि मंदिर में चोरी और (संसद मार्च के दौरान) बच्चों पर हमले के बाद भाजपा के पास न तो नैतिकता बची, न साहस इसीलिए वो पैसे का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव के बाद सपा की सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपए देने से शुरूआत करने का ऐलान करते हुए कहा कि इस धनराशि में हर साल बढ़ोत्तरी की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static