मां की तेरहवीं भोज में सनकी भाई ने उठाया खौफन कदम, भाई को मारी गोली

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 07:03 PM (IST)

गोरखपुर: जिले के पिपराइच इलाके के एक गांव में मंगलवार दोपहर दिवंगत मां की तेरहवीं के भोज को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पिपराइच थाना क्षेत्र के बड़की रेवती गांव निवासी कोमल शर्मा के बेटे शुभम शर्मा (23) के रूप में हुई है। सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। 

परिवार के सदस्य उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, भाइयों के बीच इस बात को लेकर मतभेद था कि मां की हाल ही में हुई मौत के बाद तेरहवीं के भोज का आयोजन कैसे किया जाए। जहां शुभम और उसका एक भाई संयुक्त रूप से श्राद्ध कर्म आयोजित करने के पक्ष में थे, वहीं बड़ा भाई दुर्ग विजय शर्मा (40) और एक अन्य भाई कथित तौर पर अलग-अलग व्यवस्था चाहते थे। 

पुलिस के अनुसार मंगलवार को यह असहमति तीखी बहस में बदल गई। बहस के दौरान, दुर्ग विजय ने कथित तौर पर तमंचे से शुभम पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पिपराइच पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत इकट्ठा किए। गोलीबारी के बाद से आरोपी फरार है।

पुलिस अधीक्षक (उत्तर) ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में जानकारी मिली कि हत्या ब्रह्मभोज की व्यवस्था से जुड़े पारिवारिक विवाद के कारण हुई। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static