मंदिर में हिंदू-मुस्लिम दोस्तों की ह/त्या: धूनी के नीचे दफनाए श/व, ऊपर लगा दी टाइल्स

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 07:31 AM (IST)

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक मंदिर के भीतर 2 जिगरी दोस्तों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। दोनों दोस्त पिछले करीब 20 दिनों से लापता थे। कातिलों ने बड़ी ही बेरहमी से दोनों की हत्या की और उनके शवों को मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दफना दिया। राज न खुले, इसके लिए शवों के ऊपर बाकायदा इंटरलॉकिंग टाइल्स लगा दी गई थीं।

मिली जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला बागपत के थाना चांदीनगर क्षेत्र अंतर्गत लहचौड़ा गांव के गणेश मंदिर का है। मृतकों की पहचान सिंगोली तगा गांव निवासी अंकित और इसरार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों दोस्त करीब 20 दिन पहले घर से निकले थे और मंदिर के पुजारी से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद से ही दोनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

ये भी पढ़ें:- सड़क पार कर रहे शख्स को बेकाबू कार ने मारी टक्कर, उछलकर दूर जा गिरा... घटना का VIDEO वायरल

बीती रात परिजनों को गुप्त सूचना मिली कि दोनों के शव मंदिर परिसर में ही दबाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जब मंदिर में बनी धूनी के पास लगी इंटरलॉकिंग टाइल्स को उखाड़कर खुदाई कराई गई, तो नीचे का नजारा देखकर हर किसी के होश उड़ गए। गड्ढे से दोनों लापता दोस्तों की सड़ चुकी लाशें बरामद हुईं। पुलिस ने तुरंत शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शुरुआती तफ्तीश और पुलिस के दावों के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात अवैध संबंधों के चलते अंजाम दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार की किसी महिला के साथ अवैध संबंध थे, जिसकी रंजिश में यह दोहरा हत्याकांड हुआ। वारदात के बाद से ही मंदिर का पुजारी मौका पाकर फरार हो गया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पुजारी पहले उनके गांव के मंदिर में ही रहता था और छह महीने पहले ही लहचौड़ा गांव आया था। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है, वहीं गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static