रात 3 बजे पुलिस की दबिश, सुबह 7 बजे मिली ला/श... 6 पुलिसकर्मियों पर ह/त्या की FIR दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 02:09 PM (IST)

Shahjahanpur News: शाहजहांपुर जिले में पुलिस द्वारा दबिश देने के बाद आरोपी का शव पड़ोस के घर से बरामद होने के मामले में 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर लखनऊ के मलीहाबाद थाने में तैनात 4 पुलिसकर्मी और निगोही थाने में कार्यरत 2 पुलिसकर्मियों सहित 6 पुलिस कर्मियों के विरुद्ध निगोही थाने में बुधवार शाम को हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक उमेश गुप्ता की पत्नी शांति देवी ने दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि पुलिस ने दबिश के दौरान गुप्ता को छत पर ले जाकर उसे नीचे फेंक दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें:- अस्पताल से लौट रहे परिवार को ट्रक ने रौंदा, दादी-पोते सहित 3 की मौ/त... टक्कर मारकर भागा चालक

कुमार ने बताया कि शांति देवी का यह भी आरोप है कि पुलिसकर्मी उसके पति से अवैध धन उगाही करते थे और जब उसने अधिकारियों से शिकायत की तो उन्होंने रंजिश के चलते उसके पति की हत्या कर दी और घर में रखा जेवर साथ ले गए। इससे पहले, बुधवार की सुबह शांति देवी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि उसे नहीं मालूम कि उसके पति की मौत कैसे हुई है, मगर इसकी जिम्मेदार पुलिस ही है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लखनऊ के मलीहाबाद थाने में पिछले वर्ष चोरी का एक मुकदमा दर्ज हुआ था जिसमें शाहजहांपुर निवासी उमेश गुप्ता (65) आरोपी था। उन्होंने बताया कि मलीहाबाद थाने की पुलिस अदालत का वारंट लेकर शाहजहांपुर के निगोही आई थी और स्थानीय पुलिस मलीहाबाद पुलिस के सहयोग के लिये उमेश गुप्ता के घर बुधवार तड़के 3 बजे गई थी। कुमार ने बताया कि मलीहाबाद की पुलिस टीम गुप्ता के घर के अंदर चली गई लेकिन वहां उन्हें आरोपी नहीं मिला लेकिन सुबह करीब 7 बजे उसका शव पड़ोस में बन रहे एक मकान में मिला।

ये भी पढ़ें:- पहले युवक का मुंह किया काला, फिर पहनाई चप्पलों की माला.... VIDEO देखते ही पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन

मलीहाबाद थाने के प्रभारी सुरेंद्र भाटी ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में एक चोरी हुई थी जिसमें पकड़े गए आरोपियों ने बताया था कि उन्होंने 30 किलो चांदी शाहजहांपुर में सर्राफा व्यवसायी उमेश गुप्ता के यहां बेची है जिसके बाद पुलिस ने अदालत से 8 मई को वारंट हासिल किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static