रील के चक्कर में मौत से टक्कर: सड़क पर फैली गिट्टी पर फिसली बाइक और कार से जा भिड़े सवार; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 01:59 PM (IST)
Etawah News: शहर की रामलीला रोड पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक खौफनाक वीडियो ने सड़क सुरक्षा और प्रशासन की लापरवाही की पोल खोलकर रख दी है। सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण दो बाइक सवार युवक बुरी तरह फिसलकर सामने से आ रही कार के नीचे जाने से बाल-बाल बचे।
नाले में गिरकर मरने से बच गए तो सड़क पर फैली गिट्टी पर फिसलकर मरोगे 😡 क्योंकि मरना तय है!
— रावण (@raavan_india) February 23, 2026
वीडियो बनाने वाले भी पहले घायल युवक को ना उठाकर वीडियो Reel बना रहे हैं 🤡
इटावा 📌 उत्तर प्रदेश pic.twitter.com/wzu2wPNXxg
रील बनाने के चक्कर में मौत से सामना
मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक रामलीला रोड पर मोबाइल से रील बनाने और लाइव वीडियो शूट करने में मशगूल थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक का संतुलन सड़क पर फैली गिट्टी के कारण बिगड़ गया। बाइक इतनी तेजी से फिसली कि सीधे सामने से आ रही एक कार से जा टकराई। हादसे का मंजर इतना भयानक था कि वहां मौजूद लोग सन्न रह गए।
लापरवाही की गिट्टी पड़ रही भारी
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि नाले के निर्माण कार्य के बाद ठेकेदार ने गिट्टी को सड़क पर ही लावारिस छोड़ दिया था। लंबे समय से यह गिट्टी हादसों को दावत दे रही थी और कई लोग पहले भी यहां चोटिल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन तब जागा जब वीडियो वायरल हुआ।
पुलिस की कार्रवाई और चेतावनी
वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस हरकत में आई। यातायात प्रभारी सूबेदार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और रील बनाने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और गिट्टी फैलाकर यातायात को खतरे में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस ने सड़क से गिट्टी हटवाने का काम शुरू कर दिया है।
सिस्टम पर सवाल
यह हादसा ना सिर्फ रील बनाने के जुनून पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि नगर पालिका और निर्माण विभाग की उस लापरवाही को भी उजागर करता है जिसने सड़क को मौत का जाल बना दिया था।

