देर से घर लौटने पर हुआ विवाद, महिला कांस्टेबल ने दी जा/न... पति पर दहेज ह/त्या का आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 08:31 AM (IST)

Etawah News: उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन आवास में बीते सोमवार को महिला सिपाही ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। सैफई थाने में तैनात सिपाही प्रियंका को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति से विवाद के बाद महिला सिपाही द्वारा सल्फास खाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार प्रियंका रविवार को खरीदारी के लिए संडे बाजार गई थीं। वहां से घर लौटने में कुछ देर होने को लेकर उनका पति रजत से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद रजत घर से बाहर चला गया। करीब 1 घंटे बाद लौटने पर प्रियंका कमरे में अचेत अवस्था में मिलीं। पति ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया। देर रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

ये भी पढ़ें:- बहू को खून देने जा रहा था परिवार, रास्ते में उजड़ी खुशियां.... 2 की मौ/त, मासूम का कटा पैर

रजत ने पुलिस को बताया कि उसने करीब 3 वर्ष पहले प्रियंका से प्रेम विवाह किया था। दोनों सहारनपुर के रहने वाले हैं। प्रियंका वर्ष 2019 में पुलिस सेवा में भर्ती हुई थीं। रजत के अनुसार रविवार शाम ड्यूटी से लौटने के बाद प्रियंका आवास पर आई थीं और इसके बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर सहारनपुर से प्रियंका के परिजन इटावा पहुंचे। परिजनों ने रजत पर दहेज हत्या, आर्थिक प्रताड़ना और वेतन हड़पने का आरोप लगाया है। पिता नाथीराम ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही रजत उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था और उसके वेतन पर निर्भर था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रजत बेटी पर बार-बार कर्ज लेने का दबाव बनाता था।

परिजनों के अनुसार प्रियंका का 30 जून 2023 को सहारनपुर के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के सीखेड़ा गांव निवासी रजत के साथ विवाह हुआ था। पिता का आरोप है कि शादी के समय करीब 4 लाख रुपए नकद और घरेलू सामान दिया गया था तथा बेटी की शादी के लिए परिवार को 2 बीघा खेत भी बेचना पड़ा था। नाथीराम ने आरोप लगाया कि शादी के बाद रजत उनकी बेटी को मायके वालों से फोन पर बात करने से रोकता था और उसके वेतन की रकम भी निकाल लेता था। उनके अनुसार प्रियंका के नाम करीब 10 लाख रुपए का ऋण कराया गया था, जिसे कुछ माह पहले चुकाया गया था और अब दोबारा ऋण लेने का दबाव बनाया जा रहा था।

ये भी पढ़ें:- शादी के महीने भर बाद 16वीं मंजिल से गिरी नवविवाहिता, मौ/त... पति का बड़ा दावा

परिजनों ने यह भी बताया कि प्रियंका की 3 और एक वर्ष की 2 बेटियां हैं। छोटी बेटी के जन्म के बाद वह करीब 8 माह तक मायके में रही थीं और लगभग 2 माह पहले ससुराल लौटी थीं। परिजनों के मुताबिक छोटी बेटी को रजत के पिता अपने साथ ले गए थे और वह उनके पास रह रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static