सुबह गांव के बाहर गई थी 5 साल की बच्ची, लौटकर आई सिर्फ लाश! गोंडा में आदमखोर हुए आवारा कुत्तों के खूनी खेल से मचा कोहराम

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 01:08 PM (IST)

Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां धानेपुर इलाके में आवारा कुत्तों ने एक 5 साल की मासूम बच्ची को अपना शिकार बना लिया। कुत्तों ने बच्ची पर उस वक्त हमला किया जब वह गांव के बाहर गई थी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।

गले पर किया हमला, बचने का मौका भी नहीं मिला
घटना धानेपुर नगर पंचायत के 'टहलुवन पुरवा' गांव की है। विशुन लाल की 5 वर्षीय बेटी मुस्कान अपनी बहन और सहेलियों के साथ गांव के बाहर गई थी। इसी दौरान आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उसे घेर लिया। कुत्तों ने मासूम के गले पर इतनी बुरी तरह हमला किया कि वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। साथ गई बच्चियां किसी तरह अपनी जान बचाकर भागीं और घर वालों को सूचना दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
परिजन आनन-फानन में मुस्कान को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मुजेहना पहुंचे। बच्ची की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुस्कान के चाचा श्रीकृष्ण ने भर्राई आंखों से बताया कि जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मुस्कान ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रशासन की नींद पर सवाल: अब अभियान चलाने का दावा
इस हादसे ने प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने सरकार से गुहार लगाई है कि इन आदमखोर कुत्तों को तुरंत पकड़वाया जाए ताकि किसी और की गोद सूनी न हो। घटना की पुष्टि करते हुए अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा है कि आवारा कुत्तों के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static