इश्क नहीं, ये हैवानियत है! पति ने पत्नी की आंखों में भरा पेट्रोल, फिर 4 घंटे तक दी ऐसी सजा कि कांप उठेगी रूह

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 09:29 AM (IST)

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जहां एक पति ने अपने ही जीवनसाथी के साथ वह सलूक किया जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। चरित्र पर शक के चलते एक शख्स ने अपनी पत्नी को ना केवल बंधक बनाया, बल्कि उसकी आंखों में पेट्रोल डालकर उसे अधमरा कर दिया।

वारदात की खौफनाक दास्तां
पीड़िता पूजा की शादी करीब 4 साल पहले एटा निवासी योगेश से हुई थी। पूजा के भाई लवकुश के मुताबिक, योगेश शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों पर अपनी पत्नी पर शक करता था और उसके साथ मारपीट करता था। लेकिन 15 मार्च की रात जो हुआ, वह हैवानियत की पराकाष्ठा थी। आरोपी योगेश ने पूजा के हाथ-पैर बांध दिए और करीब 4 घंटे तक उसे बेरहमी से पीटा। क्रूरता की हद पार करते हुए पति ने पूजा की आंखों में पेट्रोल डाल दिया, जिससे वह तड़पने लगी। इतना ही नहीं, आरोपी ने जबरन पूजा के सिर के बाल भी काट दिए। आरोप है कि इस दौरान ससुराल के अन्य सदस्य भी मूकदर्शक बने रहे और मानसिक प्रताड़ना देते रहे।

बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंका
वारदात के अगले दिन यानी 16 मार्च की शाम को आरोपी पति, पूजा को मरणासन्न हालत में गांव से दूर गोपालपुर के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की नजर जब बेहोश पड़ी महिला पर पड़ी, तब जाकर परिजनों को सूचना दी गई। पूजा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण चल रहा है।

पुलिस का एक्शन- 7 पर मुकदमा दर्ज
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पीड़िता के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति योगेश समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static