Jalaun News: शादी के बाद विदा होकर आई दुल्हन कैश-जेवर लेकर हुई फुर्र, सुहागरात पर दूल्हा करता रह गया इंतजार

punjabkesari.in Wednesday, Mar 27, 2024 - 02:25 PM (IST)

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। जहां शादी के बाद विदा होकर ससुराल आई एक दुल्हन ने सुहागरात वाले दिन ही ऐसा कांड कर दिया जिससे पूरा परिवार सदमे में है। दरअसल यह घटना शादी की पहली रात की है। जहां सुहागरात के कमरे में दूल्हा दुल्हन का इंतजार करता रहा और दुल्हन घर में रखी नकदी और सोने के जेवर लेकर फरार हो गई। अब पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है और साथ ही साथ चोरी हुए गहने और नकदी वापस दिलाने की भी मांग की है।

जानिए, क्या है पूरा मामला?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यूपी के जालौन जिले में एक मां अपने बेटे की शादी ना होने से बहुत परेशान थी। जिसके बाद बिचौलियों ने उससे संपर्क किया और 70 हजार रुपए लेकर शादी करवाने की बात बताई। जिसके महिला ने बिचौलियों की बात मान ली और फिर गोरखपुर निवासी पूजा से उसके बेटे की शादी तय करवा दी। जिसके बाद बीते सप्ताह पूजा जालौन आई और मंदिर में हिंदू रीति रिवाज के साथ अमन की उससे शादी हो गई। शादी के बाद विदा होकर दुल्हन ससुराल पहुंची, जहां पर शादी के बाद की सारी रस्में की गईं। सारी रस्में होने के बाद जब दूल्हा सुहागरात के लिए दुल्हन का इंतजार कर रहा था तो दुल्हन कुछ घंटे पहले ही गहने और नकदी लेकर फरार हो चुकी थी।

पीड़ित दूल्हे की मां ने बिचौलियों पर लगाए गंभीर आरोप
आपको बता दें कि पीड़ित दूल्हे की मां सरस्वती का कहना है कि बिचौलिए लखन सिंह और चरण सिंह बाहर से लड़कियों को लाकर शादी कराते हैं। उसने भी अपने बेटे की शादी कराने की उन दोनों लोगों से बात की थी, जिसके लिए उन दोनों ने उनसे 70 हजार रुपये लिए थे। दूल्हे की मां का आरोप है कि दुल्हन को भगाने में इन दोनों का ही हाथ है। इन्होंने दुल्हन को पहले से समझा कर रखा था, इन्होंने उसे पैसे दिए थे। शादी के बाद जो नकदी, जेवर लूटा गया है उसमें इनकी हिस्सेदारी है। इन्हीं के इशारे पर सुहागरात में दुल्हन चकमा देकर फरार हो गई। वहीं इस मामले की जांच कर रहे जालौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। शिकायत पर शादी कराने वाले दोनों लोगों को कोतवाली बुलाकर मामले की जांच की जा रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static