सावधान! Dating App के जरिए हनीट्रैप का खेल: होटल बुलाकर बनाया VIDEO, फिर युवक से लूटे हजारों
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 10:28 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीकेटी (BKT) इलाके से ऑनलाइन डेटिंग के नाम पर ठगी और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक को होटल बुलाकर ना सिर्फ उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया, बल्कि डरा-धमकाकर उससे हजारों रुपये भी लूट लिए गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी होटल संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐप पर दोस्ती और होटल में हनीट्रैप
पीड़ित युवक अलीगंज का रहने वाला है, जिसकी पहचान Grinder (डेटिंग ऐप) के जरिए बीकेटी में होटल चलाने वाले राजन कश्यप से हुई थी। बातों-बातों में राजन ने युवक को मिलने के लिए अपने होटल बुलाया। युवक जैसे ही होटल पहुंचा, वह पहले से रची गई साजिश का शिकार हो गया।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और मारपीट
आरोपी राजन ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को कमरे में बंधक बना लिया। आरोपियों ने युवक का आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे वायरल करने की धमकी देने लगे। खौफजदा युवक से पहले 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए, फिर उसका डेबिट कार्ड छीनकर एटीएम से 25 हजार रुपए और निकाल लिए गए। पैसे वसूलने के बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा और उन्होंने युवक के साथ मारपीट कर उसे भगा दिया।
पुलिस का एक्शन और गिरफ्तारी
हिम्मत दिखाकर पीड़ित ने बीकेटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल के CCTV फुटेज खंगाले, जिससे आरोपियों के चेहरे साफ हो गए। मुख्य आरोपी राजन कश्यप को जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके दो नाबालिग सहयोगियों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह ने और भी लोगों को अपना शिकार बनाया है।

