PM की अपील और CM के आदेश के बाद UP के अफसरों ने लग्जरी गाड़ियों से किया किनारा: साइकिल पर PGI डायरेक्टर, तो पैदल दफ्तर पहुंचे DM!

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 08:29 AM (IST)

Lucknow\Barabanki News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पेट्रोलियम उत्पादों को बचाने और प्रदूषण कम करने की अपील के बाद उत्तर प्रदेश के कुछ वरिष्ठ अधिकारी गुरुवार को कहीं साइकिल चलाकर तो कहीं पैदल चलकर दफ्तर पहुंचे। लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के निदेशक राधा कृष्ण धीमान अपने आवास से संस्थान तक साइकिल चलाकर पहुंचे।

संस्थान में साइकिल कल्चर की तैयारी
धीमान ने एक बयान में कहा कि संस्थान के विभिन्न संकायों के सदस्यों, कर्मचारियों और छात्रों को परिसर के भीतर और आसपास अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने तथा जहां संभव हो, पैदल चलने या साइकिल का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। धीमान ने कहा कि संस्थान परिसर में विभिन्न स्थानों पर साइकिल स्टैंड स्थापित करने की भी योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि वाहनों पर निर्भरता कम करने से पेट्रोलियम उत्पादों की बचत होगी, प्रदूषण घटेगा और स्वास्थ्य व फिटनेस में भी सुधार होगा।

बाराबंकी DM ने पेश की सादगी की मिसाल
वहीं, बाराबंकी में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह अतिरिक्त जिलाधिकारी निरंकार सिंह के साथ अपने आवास से पैदल चलकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और आम लोगों से अपील की कि जहां संभव हो, पैदल चलने को प्राथमिकता दें, ताकि ईंधन की बचत हो और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले।

योगी सरकार का काफिला कटौती मिशन
उल्लेखनीय है कि बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यभर में सरकारी काफिलों में तत्काल 50 प्रतिशत कटौती के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही उन्होंने मितव्ययिता अभियान के तहत सार्वजनिक परिवहन, वर्चुअल बैठकों और वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को अधिक अपनाने पर जोर दिया था। उन्होंने कहा कि वाहनों पर निर्भरता कम करने से पेट्रोलियम उत्पादों को बचाने, प्रदूषण कम करने और स्वास्थ्य तथा फिटनेस में सुधार करने में मदद मिलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static