पद्मश्री हाजी कलीम उल्लाह ने ''ऑपरेशन सिंदूर'' के नाम किया नया आम, पहली बार फला ''राजनाथ आम''... जानिए खासियत

punjabkesari.in Thursday, May 29, 2025 - 10:43 AM (IST)

Lucknow News: आम की अनोखी किस्मों के लिए दुनियाभर में मशहूर मलिहाबाद के पद्मश्री हाजी कलीम उल्लाह खान ने इस बार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नाम पर एक नई आम की प्रजाति का नाम रखा है। उन्होंने यह नाम 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के सम्मान में रखा है, जिसमें राजनाथ सिंह की भूमिका अहम रही थी।

राजनाथ सिंह के सम्मान में रखा नाम
हाजी कलीम उल्लाह खान ने बताया कि यह नया आम लगभग 10 इंच लंबा और 700 ग्राम वजनी है, और अभी इसका वजन और बढ़ेगा। उन्होंने अपने बाग में जिस पेड़ पर यह आम लगा है, वहां बाकायदा राजनाथ सिंह के नाम की एक पट्टिका भी लगाई है। वह कहते हैं कि राजनाथ सिंह की कद-काठी जैसी मजबूत और प्रभावशाली है, ठीक वैसे ही यह आम भी बड़ा और खास है।

7-8 साल की मेहनत से तैयार हुई यह प्रजाति
यह आम की प्रजाति 7 से 8 साल में विकसित हुई है। अब तक इस पेड़ पर कोई फल नहीं आया था, लेकिन इस साल पहली बार इसमें आम आए हैं। हाजी कलीम का दावा है कि जब यह आम पूरी तरह से पक जाएगा तो इसका स्वाद भी उतना ही खास और मीठा होगा, जैसे रक्षा मंत्री ने देश की रक्षा में 'मिठास' घोली है।

पहले भी रखे हैं मशहूर हस्तियों के नाम
हाजी कलीम उल्लाह खान ने पहले भी अपने बाग के आमों के नाम कई प्रसिद्ध नेताओं और हस्तियों के नाम पर रखे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के नाम पर भी एक आम का नाम रखा था। हालांकि वे मानते हैं कि वह आम अमित शाह की 'शख्सियत के वजन' के मुकाबले उतना प्रभावशाली नहीं था, इसलिए वे फिर से कोशिश कर रहे हैं उसके नाम पर एक बेहतर प्रजाति तैयार करने की।

आम के पेड़ को देखने आते हैं लोग
60 साल से आम की खेती में लगे हाजी कलीम उल्लाह खान ने अब तक अपने बाग में 300 से ज्यादा प्रजातियों के आम उगाए हैं। उनके आम के पेड़ इतने खास होते हैं कि दूर-दूर से लोग उन्हें देखने के लिए आते हैं। उनके बाग में आम सिर्फ फल नहीं, एक पहचान और कहानी बन चुके हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static