पहली ही बारिश में डूबी नोएडा एयरपोर्ट की पार्किंग: Video Viral, अथॉरिटी बोली- 30 मिनट में जलभराव किया दूर
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 08:46 AM (IST)
Greater Noida: दिल्ली-एनसीआर के नए उड्डयन केंद्र यानी जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। ग्रेटर नोएडा में हुई तेज बारिश के बाद एयरपोर्ट के पार्किंग कंपाउंड और टर्मिनल को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते पर भारी जलभराव हो गया। पानी भरने के कारण यहां पहुंचे यात्रियों और उनके परिजनों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के मुताबिक, बारिश के बाद एयरपोर्ट परिसर में पानी भरने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पार्किंग एरिया के पास काफी मात्रा में पानी भरा दिखाई दे रहा है, जबकि एयरपोर्ट प्रबंधन के कर्मचारी पंप और अन्य उपकरणों की मदद से पानी निकालने में जुटे नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद नए बने इस हाई-टेक एयरपोर्ट के ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल उठने लगे हैं।
Noida International Airport की कंपाउंड पार्किंग में भरा पानी, यात्रियों को करना पड़ा परेशानी का सामना। 🌧️✈️ pic.twitter.com/WMO1lxwA3E
— Greater Noida West (@GreaterNoidaW) August 11, 2026
मामला तूल पकड़ते देख नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, भारी बारिश की वजह से टर्मिनल और पार्किंग को जोड़ने वाले मार्ग पर कुछ देर के लिए पानी जमा हो गया था। हालांकि, इमरजेंसी टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए महज 30 मिनट के भीतर पूरे पानी की निकासी करा दी और स्थिति को पूरी तरह सामान्य कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि इस जलभराव से उड़ानों के संचालन या एयरपोर्ट की अन्य सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है और यात्रियों की सुविधा के लिए टीम लगातार अलर्ट मोड पर है।
बताया जा रहा है कि करीब 11,200 करोड़ रुपए की लागत से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर बने इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को किया था। हालांकि, यहां से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत 15 जून 2026 से हुई, जब इंडिगो की पहली फ्लाइट लखनऊ से आकर जेवर रनवे पर उतरी। उद्घाटन के महज कुछ ही महीनों बाद मानसून की बारिश में इस तरह पानी भरने से एयरपोर्ट निर्माण और ड्रेनेज सिस्टम की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

