''जूते साफ करो या नौकरी छोड़ो!'' कंपनी अधिकारियों की प्रताड़ना से टूटे शख्स ने दी जान, सुसाइड नोट में चीखती है बेबसी
punjabkesari.in Monday, Jun 09, 2025 - 10:18 AM (IST)

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आई है। जहां बेंगलुरु में एक पान मसाला कंपनी में काम करने वाले अमितनाथ मिश्रा (36 वर्ष) ने अपनी जान दे दी है। यह घटना देवनगर क्षेत्र की है। अमितनाथ मिश्रा पिछले 17 साल से इस कंपनी में मार्केटिंग का काम कर रहे थे। वह अपने परिवार में पत्नी अनुजा, बेटी पूर्वी और बेटा देवांश के साथ रहते थे।
नौकरी से लौटे युवक ने की आत्महत्या, घर में अकेला था अमित
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, 20 मई को अमितनाथ अपने घर बेंगलुरु से वापस आए थे। शनिवार रात को उन्होंने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय उनकी पत्नी और बच्चे मायके रावतपुर में थे। अमितनाथ ने मरने से पहले अपने 2 पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा है। इस नोट में उन्होंने कंपनी के 4 अधिकारियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
सुसाइड नोट में 4 अधिकारियों पर गंभीर आरोप
सुसाइड नोट में अमितनाथ ने लिखा है कि वह एक पान मसाला कंपनी में काम करता था। लेकिन वहां के 4 अधिकारियों शशांक शुक्ला, पंकज भदौरिया, किशन तिवारी और नितेश शुक्ला ने उसके साथ बहुत बुरा बर्ताव किया। उन्होंने झूठे आरोप लगाकर उसकी नौकरी से निकाल दिया। जब उसने अपनी बात रखने की कोशिश की, तो उसकी आवाज को दबाने की कोशिश की गई। सैलरी मांगने पर उसे प्रताड़ित किया गया। विरोध करने पर कहा गया कि जूते साफ करो। इन सब बातों से वह बहुत परेशान हो गया था। अमितनाथ ने लिखा है कि उसकी आत्महत्या का कारण इन अधिकारियों का उत्पीड़न है और इसका उसके परिवार से कोई लेना-देना नहीं है। वह चाहता है कि उसके परिवार को कोई परेशानी ना हो।
पिता ने देखा बेटे का शव, पुलिस कर रही जांच
बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार रात की है। अमितनाथ का पिता, जो उस समय घर लौट रहे थे, जब उनके बेटे का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घर से एक सुसाइड नोट भी मिला है। परिजनों ने बताया कि अप्रैल में अमितनाथ की नौकरी चली गई थी। इसके बाद वह घर आ गए थे, लेकिन उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया। 4 दिन पहले उनकी पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थीं। अमितनाथ घर पर अकेले थे। जब उनके पिता काम पर गए, तो उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे कार्रवाई तब ही की जाएगी, जब परिजनों से तहरीर मिलेगी। अभी पुलिस जांच कर रही है।