ऑनलाइन गेम की लत या मानसिक दबाव? तीन बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर दी जान, परिजनों में मची चीखपुकार
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 09:51 AM (IST)
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबद जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है। देर रात करीब दो बजे एक ही परिवार की तीन सगी नाबालिग बहनों ने इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के कारणों की अभी पुष्टि नहीं
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक तीनों बहनें नाबालिग थीं परिवार के साथ रहती थीं। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप की आदी थीं।
कोरियन लवर गेम खेलती थी तीनों बहने
बताया जा रहा है कि वे टास्क-बेस्ड एक कथित कोरियन लवर गेम खेलती थीं, जिसमें खिलाड़ियों को अलग-अलग डिजिटल टास्क पूरे करने होते हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस ऑनलाइन गेम या किसी डिजिटल चुनौती का इस घटना से कोई सीधा या अप्रत्यक्ष संबंध है।
आत्महत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने परिजनों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, तीनों बहनों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल गतिविधियों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आत्महत्या के पीछे कोई दबाव, ब्लैकमेलिंग या मानसिक तनाव तो नहीं था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों से खुलेगा राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को हर पहलू से गंभीरता से जांचा जा रहा है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बच्चों की बढ़ती निर्भरता को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

