महिला सशक्तिकरण में वाराणसी नंबर-1, यूपी आजीविका मिशन रैंकिंग में किया टॉप, PM Modi के संसदीय क्षेत्र ने फिर मारी बाजी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 06:57 PM (IST)

वाराणसी: उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन की नवीनतम रैंकिंग में वाराणसी ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है। मई के बाद जून माह की रैंकिंग में भी जनपद ने अपनी शीर्ष स्थिति बरकरार रखी है। इस सूची में अंबेडकर नगर दूसरे और बिजनौर तीसरे स्थान पर रहे, जबकि अयोध्या और आगरा ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए टॉप-5 में जगह बनाई है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हर महीने विभिन्न प्रदर्शन मानकों के आधार पर जिलों का मूल्यांकन किया जाता है। समूह गठन, ग्राम संगठन, क्रेडिट लिंकेज, स्टार्टअप फंड, आंतरिक अंकेक्षण, बीसी सखी, विद्युत सखी, उत्पादक समूह और वार्षिक कार्ययोजना के अनुरूप कार्य जैसे मापदंडों पर वाराणसी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। जिले में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिले हैं।

वाराणसी में प्रेरणा मार्ट, आजीविका संवर्धन केंद्र, 12 इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर और फूड कार्ट जैसी पहल महिलाओं की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिशन की टीम को सम्मानित किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static