सड़क पार करने का कर रहा था इंतजार, अचानक आई तेज रफ्तार बस और फिर... झांसी में CCTV में कैद हुई पूरी घटना
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 06:37 AM (IST)
Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में खजुराहो हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सदर बाजार थाना क्षेत्र के भगवंतपुरा इलाके में सड़क पार कर रहे 25 वर्षीय युवक को एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 49 सेकंड के इस वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भगवंतपुरा निवासी सज्जन (25) काफी देर से सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था। हाईवे पर लगातार गाड़ियों की आवाजाही के कारण वह सही वक्त का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह आगे बढ़ा, बरुआसागर की तरफ से आ रही रोडवेज बस उसे जोरदार टक्कर मारते हुए उसके ऊपर से निकल गई।
ये भी पढ़ें:- '4 महीने, 22 फां/सी'... जानें कौन हैं जज रवि कुमार दिवाकर, जिनसे कांपता है पश्चिमी UP
हादसा होते देख चालक ने फौरन ब्रेक लगा दिए, जिससे बस का अगला हिस्सा ही युवक पर चढ़ा और बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चालक समय पर ब्रेक न लगाता तो बस के पिछले पहिए भी युवक को रौंद देते। वहीं, कुछ चश्मदीदों की मानें तो युवक अचानक बस के सामने आ गया था।
बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने आनन-फानन में घायल सज्जन को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घायल युवक के भाई जीतेश ने बताया कि सज्जन सामान्य तरीके से सड़क पार कर रहा था, तभी बेकाबू रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। सदर बाजार थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया था। हादसे में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

