1 महीने में 4 बार सांप ने डसा, मासूम की मौ/त के बाद दहशत में परिवार... जांच में जुटा प्रशासन
punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 02:59 PM (IST)
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक ऐसी सनसनीखेज और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ एक परिवार की रातों की नींद उड़ा दी है, बल्कि पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। चंदौसी तहसील के गणेशपुर गांव में रहने वाले नन्हे का परिवार इन दिनों एक अनजाने डर के साए में जीने को मजबूर है। परिवार का दावा है कि पिछले एक महीने में लगातार 4 बार उनके घर में सांप ने हमला किया और हैरान करने वाली बात यह है कि हर बार घटना रविवार के दिन ही हुई।
इस सिलसिलेवार हमले में परिवार ने अपनी 5 साल की मासूम बच्ची सुनहरी को खो दिया। पहली घटना में डसे जाने के बाद बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिवार अभी इस गहरे सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अगले रविवार फिर सांप ने दूसरे सदस्य पर हमला कर दिया। देखते ही देखते 3 अन्य लोग भी सांप के डसने का शिकार हो गए। सबसे हालिया घटना चौथे रविवार को हुई, जब नन्हे की शादीशुदा बेटी को सांप ने काट लिया। उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
ये भी पढ़ें:- अस्पताल में पति ने तोड़ा दम, टूटी महिला ने होटल में बेटे संग निगला सलफास
घटनाओं से बेबस परिजनों ने एक बार किसी तरह सांप को पकड़ भी लिया था। उन्हें लगा कि अब आफत टल गई है, लेकिन उनकी यह उम्मीद जल्द ही टूट गई जब दूसरे सांप ने परिवार के अन्य सदस्य को अपना शिकार बना लिया। लगातार हो रहे इन हमलों ने परिजनों को इतना डरा दिया है कि अब वे घर के किसी भी कमरे में बिना हाथ में डंडा लिए कदम नहीं रखते। कोने-कोने की छानबीन करने के बाद ही कोई अंदर जाता है।
एक ही परिवार पर हर रविवार को हो रहे इन हमलों ने गांव वालों को भी हैरत में डाल दिया है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं—कोई इसे महज एक इत्तेफाक बता रहा है तो कोई आसपास सांपों का अड्डा होने की आशंका जता रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंदौसी के एसडीएम आशुतोष तिवारी ने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में आ चुका है और इसकी गहन जांच कराई जाएगी। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर एक ही घर में बार-बार सांपों की आवाजाही की असली वजह क्या है।

