साली से मजाक करना पड़ा भारी, दूल्हे के एक कदम से टूटा रिश्ता... विदाई रुक गई, बारात लौटी खाली हाथ

punjabkesari.in Tuesday, May 13, 2025 - 11:33 AM (IST)

Etah News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में शादी की एक आम रस्म, "जूता चुराई" विवाद का कारण बन गई। मामूली मजाक में शुरू हुआ यह मामला इतना बिगड़ा कि बारात को दुल्हन के बिना लौटना पड़ा और पुलिस को दखल देना पड़ा। घटना थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के लुहारी गवी गांव की है।

'जूता चुराई' की रस्म के दौरान बढ़ा तनाव
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विटोना गांव से बारात आई थी और शादी की सारी रस्में ठीक-ठाक तरीके से चल रही थीं। लेकिन निकाह के बाद जैसे ही ‘जूता चुराई’ की रस्म शुरू हुई, तनातनी शुरू हो गई। दुल्हन की बहन ने मजाक में 1000 रुपए मांगे, लेकिन दूल्हा सिर्फ 200 रुपए देने को तैयार हुआ। इसी बात पर बहस छिड़ गई। परिवार वालों के बीच कहासुनी बढ़ी और लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हे के पिता ने उनकी बेटी का हाथ पकड़ते हुए कहा, "जूता पैरों में पहनाओ, तभी पैसे मिलेंगे।" लड़की की मां रिहाना और पिता लाल मुहम्मद ने कहा कि वे इस व्यवहार से अपमानित महसूस कर रहे हैं, इसलिए विदाई रोक दी गई।

दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप से माहौल गरमाया
बताया जा रहा है कि मामले ने और तूल तब पकड़ा जब लड़की वालों ने आरोप लगाया कि दूल्हे की मां ने बेटी को "डिग्गी में डालकर ले जाने" की बात कही और बहन ने "काट डालने" की धमकी दी। इस पर मामला पुलिस तक पहुंचा और रातभर पंचायत चलती रही। दूल्हे के पिता ने बाद में माना कि उनसे गलती हुई और उन्होंने माफी भी मांगी, लेकिन लड़की वाले अपनी बात पर अड़े रहे। दोपहर तक कोई समाधान नहीं निकला, जिसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस लौट गया।

बिना दुल्हन के लौटी बारात, दोनों परिवारों में बातचीत जारी
फिलहाल, दोनों परिवारों में बातचीत जारी है और सुलह की कोशिशें हो रही हैं। गांव में चर्चा का विषय बना यह मामला यह दिखाता है कि कैसे एक हल्की-फुल्की रस्म भी रिश्तों में खटास ला सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static