ग्रेटर नोएडा में बढ़ रहा आवारा कुत्तों का आतंक! महिला पर किया जानलेवा हमला, घटना CCTV में हुई कैद
punjabkesari.in Wednesday, Feb 26, 2025 - 03:36 PM (IST)

Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में, एक सोसाइटी के बेसमेंट में महिला पर आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद बेसमेंट में खून फैला हुआ था, और यह खौफनाक मंजर CCTVकैमरे में कैद हो गया। वीडियो वायरल होते ही सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच दहशत और आक्रोश फैल गया है।
आवारा कुत्तों ने महिला पर किया हमला
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित गौड़ सिटी-2 के 12वीं एवेन्यू में हुई। यहां आवारा कुत्तों ने एक महिला पर हमला किया। हमले के बाद महिला खून से लथपथ होकर बेसमेंट में गिर गई, और चारों ओर खून बिखर गया। वहीं सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बेसमेंट में अचानक कुछ आवारा कुत्ते महिला पर झपट पड़ते हैं। महिला खुद को बचाने की कोशिश करती है, लेकिन कुत्ते उसे बुरी तरह नोच देते हैं। यह भयावह हमला देखकर सोसाइटी के निवासियों में दहशत फैल गई।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
बताया जा रहा है कि महिला जैसे-तैसे घायल अवस्था में वहां से बाहर निकल सकी। उसके परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में भारी रोष है। लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आवारा कुत्तों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। निवासियों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या के समाधान के लिए सख्त से सख्त कदम उठाने चाहिए।