Moradabad Road Accident: डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के उड़ाए परखच्चे, खुशियां मनाकर लौट रहे परिवार में छाया मातम
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 03:48 PM (IST)
Moradbad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में शुक्रवार तड़के डंपर और ट्रैक्टर ट्रॉली की भिडंत में मां-बेटा समेत एक परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गई और 12 अन्य लोग घायल हो गए, जिसमें एक भाई और मां को गंवाने वाली 10 वर्षीया छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों को जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में संभल जिले के कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव भटोना निवासी विनोद की 32 वर्षीया पत्नी सुमन तथा उनका एक 11 वर्षीय बेटा अजीत तथा परिवार की शांति देवी (55) पत्नी तोताराम शामिल है, जबकि विनोद की 10 वर्षीया बेटी श्रष्टि की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि संभल-मुरादाबाद मार्ग पर थाना मैनाठेर इलाके के डींगरपुर-असदपुर पुलिया के समीप हुए सड़क हादसे में मिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर की गति का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि ट्राली बुरी तरह उछल कर क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी महिला-पुरुष तथा बच्चे छिटककर सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
बताया कि ट्रैक्टर ट्राली में सवार सभी सगे-संबंधी तथा परिवार के लोग मुरादाबाद जिले के गरेठा गांव में रिश्तेदारी में भात की रस्म निभाकर सुबह लगभग साढ़े 5 बजे अपने गांव लौट रहे थे कि इसी दौरान रास्ते में काल बनकर पीछे से आ रहे डंपर ने ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों द्वारा हादसे की सूचना मिलते ही थाना मैनाठेर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य किया। फौरी तौर पर एंबुलेंस बुलवाकर थाना पुलिस ने घायलों को जिला संयुक्त अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू की। डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा है। डंपर को कब्जे में लेकर, सुसंगत धाराओं में थाने में मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

