''चीखते रहे बच्चे, चलता रहा झूला'': सावन मेले में बड़ा हादसा, 5 लोग अस्पताल में भर्ती... VIDEO VIRAL

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 07:53 AM (IST)

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में बीते मंगलवार रात एक सावन महोत्सव की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं। स्माइलगंज में चल रहे मेले में तेज रफ्तार से घूम रहे झूले की बकेट अचानक टूटकर सीधे नीचे आ गिरी। इस खौफनाक हादसे में 3 सगे भाई-बहनों सहित कुल 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के ही सुषमा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 2 किशोरियों की हालत काफी चिंताजनक बनी हुई है।

 

मिली जानकारी के मुताबिक, विभूतिखंड के रहने वाले सूर्या सिंह ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे अपनी 14 वर्षीय बहन अंकिता सिंह, दूसरी बहन नैंसी और कुछ दोस्तों के साथ मेला घूमने आए थे। सभी लोग एक झूले में बैठकर मजा ले रहे थे, तभी अचानक ऊपर का एक बकेट टूटकर सीधे अंकिता के चेहरे पर आ गिरा। टक्कर इतनी तेज थी कि अंकिता का चेहरा लहूलुहान हो गया और वह वहीं बेसुध हो गई।

घायलों का आरोप है कि हादसा होते ही उन्होंने झूले के ऑपरेटर से मशीन तुरंत रोकने की गुहार लगाई, लेकिन उसने भारी लापरवाही दिखाई और झूला बंद नहीं किया। घूमते हुए झूले के टूटे हुए हिस्से की चपेट में आने से नैंसी, सूर्या और पास में बैठी 16 साल की निशा कुमारी भी चोटिल हो गईं। जब भीड़ ने उग्र होकर हंगामा शुरू किया, तब जाकर झूला रोका जा सका, लेकिन तब तक 5 लोग इसकी चपेट में आ चुके थे। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर ही मेला संचालक को पकड़ लिया था, लेकिन हंगामे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वह चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी संचालक और झूला ऑपरेटर की तलाश कर रही है।

ये भी पढ़ें:- माफिया अतीक के करीबी पर कड़ा एक्शन: प्रयागराज में बिल्डर जेपी दुबे की 25 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क

अस्पताल के सीईओ अर्पित सिंघल ने बताया कि हादसा अस्पताल के बिल्कुल सामने हुआ था, जिसके चलते इमरजेंसी टीम को तुरंत अलर्ट कर दिया गया। कुल 5 घायलों में से 3 को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि अंकिता और निशा का इलाज अभी चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, एक घायल लड़की को गंभीर मल्टीपल फ्रैक्चर आए हैं और अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे का इलाज किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static