बिरयानी कांड के बाद अब बीयर पार्टी: काशी की आस्था पर एक और प्रहार, नाविकों की इस करतूत ने पूरे बनारस को किया शर्मसार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 07:42 AM (IST)

Varanasi News: मोक्षदायिनी गंगा, जिसकी शुचिता और पवित्रता के लिए दुनिया भर से श्रद्धालु काशी आते हैं, वहां आस्था को ठेस पहुंचाने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। वाराणसी में नाव के बीचों-बीच बीयर पार्टी और डीजे पर अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। खास बात यह है कि यह हरकत उन लोगों ने की है, जिनका जीवन ही गंगा की लहरों पर निर्भर है।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी का नाविक समाज हर साल परंपरा के मुताबिक दशाश्वमेध घाट से मिर्जापुर के अदलहाट स्थित बड़ी शीतला मंदिर तक शोभायात्रा निकालता है। बीती रात भी नाविकों का एक समूह बधावा लेकर मिर्जापुर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ नाविकों ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नाव पर भारी-भरकम डीजे लगा हुआ है और तेज संगीत बज रहा है। नाविकों के हाथों में बीयर की केन है और वे नशे की हालत में शोर मचाते हुए डांस कर रहे हैं। पवित्र नदी के बीचों-बीच इस तरह का नशा और फूहड़पन देखकर श्रद्धालु और स्थानीय लोग आक्रोशित हैं।

पुलिस की कार्रवाई और सख्ताई
वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर उन नाविकों को चिह्नित कर रही है जो बीयर पार्टी में शामिल थे। पुलिस का कहना है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सार्वजनिक स्थान पर नियम तोड़ने के आरोप में आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं अतुल अंजान त्रिपाठी, एसीपी दशाश्वमेध का कहना है कि गंगा की शुचिता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है और उनके खिलाफ नजीर बनने वाली कार्रवाई होगी।

बार-बार निशाने पर गंगा की पवित्रता
यह पहली बार नहीं है जब काशी में गंगा के बीच इस तरह का विवाद हुआ हो। हाल ही में गंगा में रोजा इफ्तार के दौरान मांसाहार के अवशेष (हड्डियां) फेंकने का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा था। अब नाविकों द्वारा बीयर पार्टी किए जाने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static