CM Yogi ने 655 करोड़ की 19 परियोजनाओं का किया लोकार्पण, बोले- हम समस्याएं नहीं समाधान देते हैं, तभी जनता हमें चुनती है

punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 06:39 PM (IST)

देवरिया : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि 'हम समस्याएं नहीं, समाधान देते हैं, तभी जनता जनार्दन हमें चुनती है।' योगी ने यहां 655 करोड़ रुपये की 19 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा, "हमारी सरकार समस्याओं को टालने वाली नहीं, बल्कि समाधान देने वाली सरकार है। हम समस्याएं नहीं, समाधान देते हैं, तभी जनता जनार्दन हमें चुनती है।" 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश ने विकास की नई गति पकड़ी है तथा अब विकास की यह यात्रा रुकने वाली नहीं है। एक सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश ने नए भारत का दर्शन किया है तथा प्रधानमंत्री मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने तेजी से अवसंरचना विकास को प्राथमिकता दी, क्योंकि गति जितनी तेज होगी, विकास का लाभ उतनी ही तेजी से आम जनता तक पहुंचेगा। 

मुख्यमंत्री ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से कहा कि कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और नए सत्र से इसे शुरू करने की तैयारी की जाए। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय किसानों को आधुनिक तकनीक, कम लागत और अधिक उत्पादन की दिशा में नई राह दिखाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह गोरखपुर से सांसद थे, तब उन्हें अक्सर देवरिया आना पड़ता था। उन्होंने कहा, ''उस समय राज्य में अराजकता, उत्पीड़न और तुष्टीकरण की राजनीति थी। गोरखपुर से देवरिया तक सड़कें बदहाल थीं, कई हिस्सों में सिंगल लेन मार्ग था और चौरी-चौरा रेलवे क्रॉसिंग पर घंटों जाम लगता था। लेकिन आज वही देवरिया फोर लेन कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static