दिल्ली में छूटे पसीने, UP में 37° पार और हिमाचल-गुजरात तक लू का रेड अलर्ट... समय से पहले शुरू हो गया तपन का दौर?
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 07:09 AM (IST)
Weather UPdate: उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में इस बार मौसम के मिजाज ने सबको चौंका दिया है। मार्च के शुरुआती दिनों में ही सूरज के तेवर तीखे हो गए हैं, जिससे लोगों को समय से पहले ही भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ पारा
देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी ने पिछले 15 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान 35°C के पार बना हुआ है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 19°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। वहीं आज अधिकतम तापमान 37°C तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण बादल बन रहे हैं, जिससे रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। 12 मार्च से तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश में लू जैसे हालात
यूपी में भी सूरज की तपिश लगातार बढ़ रही है। राज्य के अधिकांश जिलों में पारा 35°C को पार कर चुका है। आगरा, झांसी और बुंदेलखंड में तापमान 38°C के करीब पहुंच गया है, जिससे दोपहर में निकलना मुश्किल हो रहा है। पश्चिमी और मध्य यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छा सकते हैं।
अन्य राज्यों का हाल- कहीं लू तो कहीं बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के अन्य हिस्सों के लिए भी चेतावनी जारी की है:-
हिमाचल प्रदेश
यहां के कुछ इलाकों में लू (Heatwave) चलने की आशंका है। हालांकि, 11 से 14 मार्च के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी के साथ बिजली कड़कने की संभावना भी जताई गई है।
राजस्थान
पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में यहाँ पारा और चढ़ सकता है।
गुजरात
सौराष्ट्र, कच्छ और उत्तरी गुजरात में लू चलने की संभावना है, जबकि तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी (Humid Heat) परेशान करेगी।

