गाजियाबाद में 3 नाबालिग बहनों ने कागज और दीवारों पर लिखे अपने आखिरी शब्द, जानकर हर कोई दहल जाएगा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 01:35 PM (IST)

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक परिवार के लिए भयानक हादसा सामने आया। जहां निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) नामक तीन सगी बहनों ने एक साथ अपनी जान दे दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि मोबाइल पर खेला जाने वाला कोरियन लवर गेम (Korean Lover Game) उनके लिए जानलेवा साबित हुआ।

कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, बच्चियों ने भारत सिटी, बी-1 टावर, फ्लैट नंबर 907 की बालकनी से छलांग लगाई। घटना रात के लगभग 2:30 बजे हुई। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बच्चियों के पिता का कहना है कि वह उन्हें गेम खेलने के लिए मना किया करते थे, लेकिन उन्होंने यह नहीं माना। बताया जा रहा है कि गेम में दिए गए टास्क को पूरा करने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया।

अंतिम शब्द और डायरी
घटनास्थल से एक पेज का सुसाइड नोट और दीवार पर लिखी कुछ बातें मिलीं। नोट में लिखा था: “I am really sorry, sorry papa”। दीवार पर लिखा था: “Make me a heart of broken, I am very very alone, make me a heart broken”। ये शब्द दिखाते हैं कि बच्चियां मानसिक रूप से कितनी परेशान थीं।

डीसीपी का बयान
गाजियाबाद के डीसीपी निमिश पाटिल ने बताया कि तीनों बहनों को मोबाइल पर गेम्स की लत थी। उनके पास खुद के फोन नहीं थे, वे माता-पिता के फोन पर ही गेम खेलती थीं। जब पढ़ाई पर असर पड़ा और मोबाइल चलाने पर पाबंदी लगी, तो बच्चियां बहुत आहत हुईं।

सोसाइटी और परिवार की जानकारी
सोसाइटी के लोग और परिवार के सदस्य बताते हैं कि तीनों बहनें आपस में बेहद प्यार करती थीं। नहाना, खाना, स्कूल जाना और सोना सभी चीजें साथ करती थीं। शायद इसी वजह से उन्होंने रात में एक साथ छलांग लगाई। पुलिस ने बच्चियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। अब फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह पता चलेगा कि वे कौन सा टास्क बेस्ड गेम खेल रही थीं और क्या किसी बाहरी व्यक्ति ने उन्हें इस कदम के लिए उकसाया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static